Parle Products 95th Anniversary: भारत की सबसे प्रतिष्ठित बिस्कुट और कन्फेक्शनरी कंपनियों में शामिल पारले प्रोडक्ट्स (Parle Products) ने अपने सफर के 95 शानदार साल पूरे कर लिए हैं. लगभग एक सदी से भारतीय परिवारों का भरोसा बनी यह कंपनी आज भी FMCG सेक्टर में मजबूत पकड़ बनाए हुए है. अपनी 95वीं वर्षगांठ के मौके पर कंपनी ने कई बड़ी उपलब्धियां दर्ज की हैं, जिनमें उसके कई प्रमुख ब्रांड्स का सालाना ₹1000 करोड़ से अधिक का कारोबार करना सबसे खास माना जा रहा है.
बदलते समय के साथ खुद को लगातार किया मजबूत
कंपनी के मुख्य विपणन अधिकारी (CMO) मयंक शाह के अनुसार, पारले ने समय के साथ अपनी पैकेजिंग, कम्युनिकेशन और डिस्ट्रीब्यूशन रणनीति में लगातार बदलाव किए, लेकिन अपने उत्पादों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं से किए गए वादे को हमेशा बरकरार रखा. यही वजह है कि कंपनी आज भी हर उम्र के ग्राहकों से जुड़ी हुई है और FMCG सेक्टर में अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए है.
₹1000 करोड़ क्लब में शामिल हुए कई बड़े ब्रांड
पारले प्रोडक्ट्स के कई लोकप्रिय ब्रांड्स अब सालाना ₹1000 करोड़ से अधिक का कारोबार कर रहे हैं.
- Parle-G: कंपनी का सबसे लोकप्रिय ग्लूकोज बिस्कुट ब्रांड Parle-G आज भी दुनिया का सबसे ज्यादा बिकने वाला बिस्कुट ब्रांड माना जाता है. इसका वार्षिक कारोबार ₹17,000 करोड़ से अधिक पहुंच चुका है.
- Hide & Seek: प्रीमियम चॉकलेट चिप कुकीज़ के रूप में पहचान बना चुका Hide & Seek भी अब ₹1000 करोड़ से अधिक के सालाना रेवेन्यू वाले ब्रांड्स की सूची में शामिल हो गया है.
- Monaco: नमकीन बिस्कुट सेगमेंट में अपनी अलग पहचान रखने वाला Monaco ब्रांड भी ₹1000 करोड़ क्लब में पहुंच चुका है.
- Melody: “Melody इतनी चॉकलेटी क्यों है?” जैसे लोकप्रिय विज्ञापन से मशहूर यह कैंडी ब्रांड भी अब ₹1000 करोड़ से अधिक का सालाना कारोबार करने वाले ब्रांड्स में शामिल है.
वित्त वर्ष 2024-25 में शानदार वित्तीय प्रदर्शन
कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में करीब ₹15,570 करोड़ का कुल राजस्व (Revenue) दर्ज किया. वहीं इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) लगभग ₹980 करोड़ रहा. भारतीय FMCG बाजार में पारले लगातार अपने प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दे रही है और बाजार में अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए है.
अब शेयर बाजार में एंट्री की तैयारी
साल 1929 में शुरू हुई पारले प्रोडक्ट्स अब तक पूरी तरह एक निजी और फैमिली-रन कंपनी रही है. हालांकि अब कंपनी शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी करीब 1 बिलियन डॉलर (लगभग ₹9,350 करोड़) का IPO लाने की योजना पर काम कर रही है. बताया जा रहा है कि इस संभावित IPO के जरिए कंपनी का वैल्यूएशन ₹1 लाख करोड़ से अधिक हो सकता है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, IPO प्रक्रिया के लिए Kotak Mahindra Capital, Axis Capital और HSBC Securities को सलाहकार नियुक्त किया गया है. हालांकि कंपनी ने अभी तक IPO की तारीख या समयसीमा को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह IPO साल 2027 की शुरुआत में बाजार में दस्तक दे सकता है.
यह भी पढ़े: LPG Cylinder Price: क्या फिर बढ़ेंगे गैस सिलेंडर के दाम? चेक करें 29 जुलाई का लेटेस्ट रेट

