भारतीय शेयर बाजार बुधवार के कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुआ. इस दौरान कंज्यूमर, ऑयल एंड गैस और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 78.56 अंक यानी 0.09% की बढ़त के साथ 83,817.69 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 48.45 अंक या 0.19% चढ़कर 25,776.00 पर पहुंच गया.
इन सेक्टरों में दिखी सबसे ज्यादा तेजी
सेक्टरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 2.66% की बढ़त के साथ सबसे आगे रहा. इसके अलावा निफ्टी ऑयल एंड गैस 2.08%, निफ्टी एनर्जी 2%, निफ्टी कमोडिटीज 1.90%, निफ्टी पीएसई 1.60%, निफ्टी इन्फ्रा 1.57% और निफ्टी कंजम्पशन 1.41% की तेजी के साथ बंद हुए.
IT और फार्मा शेयरों पर दबाव
दूसरी ओर निफ्टी आईटी 5.87%, निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.77%, निफ्टी सर्विसेज 0.42% और निफ्टी फार्मा 0.34% की गिरावट के साथ बंद हुआ. लार्जकैप शेयरों की तुलना में मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 376.50 अंक या 0.63% की तेजी के साथ 59,683.60 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 216.15 अंक या 1.27% की मजबूती के साथ 17,205.10 के स्तर पर रहा.
सेंसेक्स के गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स के शेयरों में इटरनल, ट्रेंट, NTPC, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, मारुति सुजुकी, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, एमएंडएम, L&T, टाटा स्टील, ITC और HDFC बैंक बढ़त के साथ बंद हुए. वहीं इन्फोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक कमजोरी के साथ बंद हुए.
निफ्टी पर क्या बोले एक्सपर्ट
SBI सिक्योरिटीज के टेक्निकल और डेरिवेटिव्स रिसर्च प्रमुख सुदीप शाह ने बताया कि निफ्टी की शुरुआत कमजोर रही और पूरे कारोबारी सत्र के दौरान यह सीमित दायरे में कारोबार करता रहा. हालांकि, दिन के अंत में निफ्टी 0.19% की बढ़त के साथ 25,776 के स्तर पर बंद हुआ.
IT सेक्टर में बिकवाली की वजह
उन्होंने आगे कहा कि निफ्टी आईटी में जोरदार बिकवाली देखने को मिली. इसकी वजह अमेरिकी AI कंपनी एंथ्रोपिक द्वारा अपने क्लाउड AI चैटबॉट के लिए एक कानूनी टूल लॉन्च करना रहा, जिससे सॉफ्टवेयर सेक्टर में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की आशंका है.
निफ्टी के अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल
शाह के मुताबिक निफ्टी के लिए रुकावट का जोन 25,950 से 26,000 के बीच हो सकता है. किसी भी मजबूत ब्रेकआउट की स्थिति में निफ्टी 26,200 तक जा सकता है. वहीं गिरावट आने पर इसका सपोर्ट जोन 25,600 से 25,550 के स्तर पर देखा जा सकता है.

