CBSE Board Exam 2026: बोर्ड परीक्षाएं शुरू होते ही देशभर के लाखों घरों में तनाव और तैयारी का माहौल बन गया है. कहीं छात्र आखिरी समय तक नोट्स दोहरा रहे हैं, तो कहीं माता-पिता एडमिट कार्ड और जरूरी सामान व्यवस्थित करने में लगे हैं. सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर संभावित सवालों की चर्चा तेज है, और लगभग हर छात्र के मन में यही चिंता है कि परीक्षा में वही आएगा या नहीं, जिसकी तैयारी की है.
लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अच्छे अंक सिर्फ साल भर की पढ़ाई से तय नहीं होते. परीक्षा से ठीक एक रात पहले आपकी मानसिक स्थिति, तैयारी का तरीका और दिनचर्या यह तय करती है कि आप एग्जाम हॉल में कैसा प्रदर्शन करेंगे. घबराहट में कई छात्र इस आखिरी समय में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो उनकी मेहनत पर भारी पड़ सकती हैं.
अगर आप भी इस वर्ष 10वीं या 12वीं की बोर्ड परीक्षा दे रहे हैं, तो इन जरूरी बातों पर ध्यान देना आपके लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है.
1. ‘नया’ पढ़ने का लालच छोड़ दें
यह सबसे बड़ी गलती है. आखिरी रात में जब आप कोई नया चैप्टर उठाते हैं, तो आपका दिमाग उसे समझने के चक्कर में पुरानी पढ़ी हुई चीजों को भी मिक्स करने लगता है. इससे कन्फ्यूजन बढ़ता है और हाथ आती है सिर्फ घबराहट. आज की रात केवल नोट्स और फॉर्मूले दोहराने के लिए है.
2. पूरी रात जागकर पढ़ने से बचें
कई छात्रों को लगता है कि रात भर पढ़ाई करने से तैयारी मजबूत हो जाएगी, लेकिन हकीकत इसके उलट है. थका हुआ दिमाग परीक्षा के दौरान छोटी-छोटी गलतियां ज्यादा करता है और ध्यान भी जल्दी भटकता है. विशेषज्ञों के अनुसार दिमाग को जानकारी व्यवस्थित रखने के लिए कम से कम 6–7 घंटे की नींद जरूरी होती है. पर्याप्त आराम मिलने पर ही आप अगले दिन परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे.
3. दूसरों की तैयारी से न करें तुलना
परीक्षा से पहले दोस्तों से यह पूछना कि उन्होंने कितनी पढ़ाई या कितने सैंपल पेपर पूरे किए हैं, आपके आत्मविश्वास को कमजोर कर सकता है. हर छात्र की तैयारी का तरीका और गति अलग होती है. ऐसे में बेहतर है कि फोन और चैट से दूरी बनाकर अपनी तैयारी पर ध्यान दें और खुद पर भरोसा रखें.
4. सुबह की भागदौड़ से बचें
अक्सर बच्चे सुबह के भरोसे रहते हैं कि एडमिट कार्ड या पेन सुबह बैग में रख लेंगे. सुबह की हल्की सी हड़बड़ी भी मानसिक तनाव (Anxiety) को बढ़ा देती है. सोने से पहले अपना एडमिट कार्ड, पारदर्शी स्टेशनरी बॉक्स और अपनी ड्रेस तैयार रखें.
5. सोशल मीडिया की अफवाहों से दूर रहें
परीक्षा के समय हर साल सोशल मीडिया पर ‘लीक पेपर’ या ‘इंपॉर्टेंट क्वेश्चन’ के नाम पर कई भ्रामक वीडियो और पोस्ट वायरल होते हैं. ये न सिर्फ आपका कीमती समय बर्बाद करते हैं, बल्कि अनावश्यक तनाव भी बढ़ाते हैं. विशेषज्ञों की सलाह है कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें.
6. हल्का और संतुलित भोजन करें
परीक्षा से एक रात पहले भारी या बाहर का खाना खाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे पेट की समस्या हो सकती है और अगला दिन प्रभावित हो सकता है. बेहतर है कि हल्का, घर का बना और सुपाच्य भोजन लें तथा पर्याप्त पानी पिएं. सुबह के लिए भीगे हुए बादाम या हल्का पौष्टिक नाश्ता ऊर्जा बनाए रखने में मदद कर सकता है.
यह भी पढ़े: Ghazipur के अक्षय कुमार राय ने JEE Main 2026 में मारी बाजी, हासिल किया 99.21 NTA स्कोर

