AAP Leader Lucky Oberoi: पंजाब के जालंधर में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबोराय की हत्या कर दी गई. मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर आप नेता की हत्या कर दी.
हमलावरों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां
जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें लक्की ओबोराय के शरीर में करीब पांच गोलियां लगीं. गंभीर हालत में उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद जालंधर शहर में दहशत का माहौल बन गया है. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई.
जांच में जुटी पुलिस AAP Leader Lucky Oberoi
मौके पर पहुंची पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है. साथ ही, हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. बताया जा रहा है कि लक्की ओबोराय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी की ओर से नगर निगम चुनाव लड़ा था. हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. लक्की ओबोराय, कैंट हल्का की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे और पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे.
जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा
घटना के बाद पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन जयंत परी ने बताया कि लक्की ओबोराय को एक से अधिक गोलियां लगी हैं और यह फायरिंग अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई. उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमले के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए राजनीतिक रंजिश, निजी दुश्मनी और अन्य संभावित एंगल्स की भी जांच की जा रही है. पुलिस की ओर से जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है.