Accident in Greece: ग्रीस से नाव हादसे की खबर सामने आई है. यहां एजियन सागर में चियोस द्वीप के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया. तुर्की के तट से प्रवासियों को लेकर आ रही एक छोटी नाव की टक्कर ग्रीक तटरक्षक बल के गश्ती जहाज से हो गई. इस दुर्घटना में कम से कम 14 प्रवासियों की मौत हो गई है.
तटरक्षक बल के अधिकारियों के मुताबिक
तटरक्षक बल के अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना तब हुई, जब उन्होंने चियोस की ओर बढ़ रही एक संदिग्ध नाव को देखा और उसे वापस लौटने का निर्देश दिया. अधिकारी का दावा है कि तस्करों ने जानबूझकर नाव का रुख तटरक्षक पोत की ओर मोड़ दिया, जिसके कारण दोनों के बीच भीषण टक्कर हो गई. हालांकि, स्वतंत्र रूप से अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि टक्कर की वास्तविक वजह क्या थी.
अब तक 24 प्रवासियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. हादसे में तटरक्षक बल के दो अधिकारी भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. नाव पर सवार प्रवासियों की राष्ट्रीयता का अभी पता नहीं चल पाया है.
की जा रही लापता लोगों की तलाश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव पर करीब 30 से 35 लोग सवार थे. वर्तमान में लापता लोगों की तलाश के लिए एक व्यापक खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है. इस ऑपरेशन में तटरक्षक पोतों के साथ-साथ निजी नौकाएं और पेशेवर गोताखोर भी जुटे हुए हैं.

