राजस्थान में हादसाः बेकाबू बस पलटी, तीन यात्रियों की मौत, 35 घायल

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Kota Accident: राजस्थान से सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां बुधवार की देर रात कोटा में नेशनल हाईवे-27 कोटा बाइपास पर हरे कृष्णा मंदिर के समीप एक बेकाबू स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य लोग घायल हुए हैं.

चालक ने बस से खोया नियंत्रण

​जानकारी के अनुसार, बस अहमदाबाद से दोपहर 12 बजे रवाना हुई थी और मध्य प्रदेश के भिंड-मुरैना की ओर जा रही थी. इसी दौरान देर रात कोटा बाइपास पर अचानक चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया. चश्मदीदों के अनुसार, बस इतनी तेज गति में थी कि अनियंत्रित होने के बाद उसने पहले अपनी लेन बदली और फिर एक छोटी पुलिया से टकराते हुए डिवाइडर को लांघकर दूसरी तरफ पलट गई. उसी समय दूसरी लेन से एक ट्रेलर गुजर रहा था.

ट्रेलर चालक ने बस को अचानक सामने पाकर इमरजेंसी ब्रेक लगाया और बस को बचाने की कोशिश की. हालांकि, टक्कर तो टल गई, लेकिन बस के कांच टूटने के कारण तीन यात्री उछलकर सड़क पर जा गिरे और ट्रेलर के नीचे कुचलने से उनकी मौत हो गई. ट्रेलर चालक और खलासी को ज्यादा चोट नहीं लगी है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसपी

हादसे की सूचना मिलते ही एसपी तेजस्विनी गौतम और आरके पुरम थाना अधिकारी संतोष चंद्रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. नगर निगम की अग्निशमन टीम और क्रेन को तत्काल बुलाया गया. बस में फंसे यात्रियों को कटर की मदद से लोहे की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया.

घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल भेजा गया. प्रशासन की सक्रियता के चलते अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टरों की टीम रात में ही ड्यूटी पर बुला ली गई, जिससे घायलों को समय पर उपचार मिल सका. जिन यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, उन्हें प्रशासन ने रैन बसेरे में शिफ्ट कर दिया.

थानाध्यक्ष संतोष चंद्रावत ने बताया

घटना के संबंध में थानाध्यक्ष संतोष चंद्रावत ने बताया कि हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे. मृतकों में तीनों पुरुष हैं, जिनमें से दो की पहचान नवीन और धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जबकि एक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं. बस चालक फिलहाल बेहोश है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे 27 पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही. पुलिस ने बड़ी क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को सड़क से हटाकर किनारे किया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका. यह हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है.

Latest News

Gold Import Policy: सरकार ने 15 बैंकों को दी सोना-चांदी आयात की मंजूरी, बाजार में दिखेगा बड़ा असर

सरकार ने 15 बैंकों को सोना-चांदी आयात की अनुमति दी है. इस फैसले से बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी और कीमतों पर असर पड़ सकता है.

More Articles Like This

Exit mobile version