नूंहः हरियाणा के नूंह से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यह हादसा आज सुबह कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर हुआ. हाई स्पीड स्कॉर्पियो दुर्घटना का शिकार हो गई. इस दुर्घटना में चार पुलिसकर्मियों और वादी की दर्दनाक मौत हो गई.
ओवरटेक करते समय हुई दुर्घटना
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली उरई में दर्ज एक अपहरण मामले में अपहृत व्यक्ति की बरामदगी के लिए पुलिस टीम हरियाणा रवाना हुई थी. टीम आरोपियों की तलाश में तावड़ू क्षेत्र पहुंची थी. मंगलवार की सुबह करीब दस बजे कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर धुलावट टोल प्लाजा के पास एक पलवल तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दूसरे वाहन से टकरा गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सामने चल रही दूसरी गाड़ी से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया. क्षतिग्रस्त वाहन में शव बुरी तरह फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी. इस हादसे में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) और आरक्षी अशोक कुमार (कोतवाली उरई) की मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा मुकदमे के वादी अमरीक सिंह निवासी संगरूर (पंजाब) ने भी दम तोड़ दिया.
तावड़ू सदर थाना प्रभारी शीशराम के मुताबिक
तावड़ू सदर थाना प्रभारी शीशराम के मुताबिक, हादसे में मृत सभी लोग उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान थे, जो जालौन जिले में तैनात थे. शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है. इस संबंध में जालौन, उत्तर प्रदेश के पुलिस अधीक्षक से भी संपर्क कर लिया गया है. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है.

