अरुणाचल प्रदेशः भूस्खलन और बाढ़ से चार लोगों की मौत, सेना के पांच जवान लापता, तलाश जारी

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Arunachal Pradesh Landslide: अरुणाचल प्रदेश में आफत की बारिश हो रही है. लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है. राज्य के दो अलग-अलग जिलों में बारिश के बाद लैंडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. अपर सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण स्थल पर हुए बड़े लैंडस्लाइड में चार लोगों की मौत की खबर है, जबकि दिबांग वैली जिले में अचानक आई बाढ़ से सेना के दो शेल्टर बह गए और पांच जवान लापता हो गए.

अधिकारियों ने शनिवार, 15 अगस्त को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों घटनाएं शुक्रवार शाम की हुई. इस हादसों के बाद प्रशासन, पुलिस, सेना, ITBP, SDRF और अन्य बचाव दलों ने बड़े पैमाने पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है. खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां बनी हुई हैं.

सड़क निर्माण स्थल पर बड़ा लैंडस्लाइड

अपर सुबनसिरी जिले में के ओजारिंग-ब्याचिंग सड़क निर्माण स्थल पर शुक्रवार शाम अचानक भारी मात्रा में मलबा गिर गया. बताया जा रहा है कि लगातार बारिश की वजह से पहाड़ी क्षेत्र में जमीन खिसक गई और बड़ी मात्रा में मिट्टी तथा चट्टानों का मलबा निर्माण स्थल पर आ गिरा.

हादसे के समय वहां कई लोग मौजूद थे, जिसके चलते कुछ लोग मलबे की जद में आ गए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टाडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली की मौत की खबर है.

जिला आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, बाबुल अली का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य प्रभावित लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है. प्रशासन की टीमें मलबा हटाकर संभावित स्थानों पर तलाश में जुटी हैं.

SDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चा

लैंडस्लाइड की सूचना मिलते ही नाचो पुलिस स्टेशन से पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया. इसके अलावा डपोरिजो से फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम को भी मौके पर रवाना किया गया. बचाव अभियान को और मजबूत करने के लिए स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम को भी लगाया जा रहा है. राहत दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश के साथ-साथ घटनास्थल को सुरक्षित बनाने में जुटे हैं.

दिबांग वैली में अचानक आई बाढ़ से सेना का कैंप प्रभावित

दूसरी बड़ी घटना दिबांग वैली जिले में सामने आई. शुक्रवार देर शाम भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने पाशु पानी आर्मी कैंप को अपनी जद में ले लिया. तेज बहाव के कारण 5वीं ग्रेनेडियर के दो शेल्टर बह गए. अधिकारियों के अनुसार, अचानक आई बाढ़ के तेज बहाव में सेना के सात जवान बह गए. इनमें से दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि पांच जवान अब भी लापता बताए जा रहे हैं.

युद्ध स्तर पर जारी है लापता जवानों की तलाश

लापता जवानों की पहचान हवलदार उपेंद्र तथा जवान कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा के रूप में बताई गई है. इन जवानों की तलाश के लिए 5वीं ग्रेनेडियर की दो खोज एवं बचाव टीमें घटनास्थल पर तैनात की गई हैं. जवानों की तलाश में आसपास के इलाकों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

ITBP टीम भी रेस्क्यू में शामिल

सेना के जवानों की तलाश के अभियान को व्यापक बनाने के लिए अन्य सुरक्षा और राहत एजेंसियों को भी लगाया गया है. ITBP की 58वीं बटालियन, जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स की 62 RCC, अरुणाचल प्रदेश पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमें भी अभियान में शामिल हैं.

More Articles Like This

Exit mobile version