France Student Protest: शिक्षा व्यवस्था को लेकर फ्रांस में शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब लगातार उग्र होता जा रहा है. आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद सरकार ने सोमवार को 400 से 500 स्कूलों में पढ़ाई पूरी या आंशिक रूप से बंद रखने का फैसला किया है. शिक्षा मंत्री एडुआर जफ्रे के अनुसार, इन स्कूलों में सुरक्षा की स्थिति सामान्य कक्षाएं चलाने के अनुकूल नहीं है.
24 स्कूलों में आगजनी या तोड़फोड़ की घटनाएं
उन्होंने बताया कि छात्र अशांति शुरू होने के बाद से 24 स्कूलों में आगजनी या तोड़फोड़ हुई है, जबकि 78 शिक्षा कर्मचारियों को चोटें आई हैं. सरकार का कहना है कि सोमवार को बंद रहने वाले स्कूलों की संख्या शुक्रवार के लगभग बराबर हो सकती है. फ्रांस में हजारों छात्रों ने पिछले सप्ताह बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए थे. प्रदर्शनकारियों ने कई जगह सड़कों पर अवरोध खड़े कर दिए. छात्रों का आरोप है कि देश की शिक्षा व्यवस्था को पर्याप्त धन नहीं मिल रहा और सरकार स्कूलों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है. प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह झड़पें हुईं. इन घटनाओं में सैकड़ों लोग घायल हुए और 5,000 से ज्यादा लोगों को अरेस्ट किया गया. इनमें बड़ी संख्या नाबालिगों की बताई गई है.
🇫🇷 More than 400 schools in France will not resume classes on Monday amid ongoing protests by high school students, according to the TV channel TF1. pic.twitter.com/aIV3TFR7KW
— Маrina Wolf (@volkova_ma57183) October 4, 2026
सप्ताहांत में प्रदर्शन कुछ शांत रहे, लेकिन आंदोलन के आयोजकों ने मंगलवार को फिर बड़े प्रदर्शनों का आह्वान किया है. उनका कहना है कि सरकार ने उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है. फ्रांस के शिक्षा मंत्री ने कहा कि सोमवार को कुछ स्कूलों में धीरे-धीरे पढ़ाई शुरू कराने की कोशिश की जाएगी, लेकिन यह सुरक्षा स्थिति पर निर्भर करेगा.
फ्रांस के अधिकारियों का दावा है कि मूल रूप से शिक्षा व्यवस्था को लेकर शुरू हुए इस छात्र आंदोलन में राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने घुसपैठ की है. शिक्षा मंत्री जफ्रे ने विशेष रूप से कट्टर वामपंथी कार्यकर्ताओं पर छात्र आंदोलन को प्रभावित करने और हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इससे छात्रों और शिक्षा कर्मचारियों दोनों के लिए खतरा पैदा हो गया है. मंत्री के मुताबिक, घायल हुए शिक्षा कर्मचारियों को जानबूझकर निशाना बनाया गया.