Bangladesh Crime: बांग्लादेश से दिल में खौफ पैदा करने वाली खबर सामने आई है. यहां रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्य सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता, बेटी अगामी और 12 वर्षीय बेटा प्रियम शनिवार रात अपने बंद मकान में मृत मिले. परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात से चारों के मोबाइल फोन बंद थे. पुलिस ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया, जहां शव अलग-अलग स्थानों पर मिले. पुलिस, सीआईडी और डिटेक्टिव ब्रांच मामले की जांच कर रही है. फिलहाल मौत की वजह, समय और घटना के पीछे का कारण स्पष्ट हो सका है.
शनिवार रात करीब 11:30 बजे शहर के दशपाड़ा (मच्छुआपाड़ा) इलाके में स्थित एक मकान से चारों के शव बरामद किए गए. रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली थाने के प्रभारी अधिकारी (ओसी) नाजमुल कादर ने बताया कि मकान अंदर से नहीं, बल्कि बाहर से बंद था और पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने के बाद शव बरामद किए. द डेली स्टार की एक रिपोर्ट के हवाले से यह जानकारी सामने आई है.
इस रूप में हुई मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान रंगपुर जिला स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65 वर्ष), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और 12 वर्षीय बेटे प्रियम चक्रवर्ती के रूप में हुई है.
पिछले वर्ष सेवानिवृत्त हुए थे गणपति
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, गणपति चक्रवर्ती पिछले वर्ष 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे. उनकी बेटी अगामी ने इसी साल रंगपुर के कारमाइकल कॉलेज से अंग्रेजी विषय में मास्टर डिग्री पूरी की थी. वहीं, उनका 12 वर्षीय बेटा प्रियम रंगपुर जिला स्कूल में कक्षा 5 का छात्र था.
परिवार से गुरुवार से नहीं हो पा रहा था संपर्क
परिवार के लोगों के अनुसार, घर में रहने वाले चारों सदस्यों से संपर्क नहीं हो पाने के बाद चिंता बढ़ने लगी थी. प्रीतिलता की छोटी बहन पूजा चक्रवर्ती ने द डेली स्टार को बताया कि उन्होंने गुरुवार दोपहर अपनी बहन से आखिरी बार बात की थी. इसके बाद गुरुवार रात से परिवार के चारों मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे थे.
ताला तोड़कर घर में दाखित हुई पुलिस
पूजा चक्रवर्ती ने बताया, “गुरुवार रात से उनके फोन बंद मिलने के बाद हम शनिवार रात दशपाड़ा पहुंचे. घर का मुख्य गेट बंद था और अंदर की सभी लाइटें भी बंद थीं. बाद में पुलिस वहां पहुंची, ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुई और चारों के शव बरामद किए.”
परिजन बोले- समझ नहीं आ रहा किसने और क्यों मारा?
पूजा ने कहा कि परिवार यह समझ नहीं पा रहा है कि चारों लोगों की हत्या किसने की और इसके पीछे क्या वजह हो सकती है. उन्होंने कहा, “मैं समझ नहीं पा रही हूं कि मेरी बहन और उसके पूरे परिवार को किसने और क्यों मारा और यह घटना कब हुई. मेरी बहन के पति बहुत अच्छे इंसान थे. उनका किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. उन्होंने दशपाड़ा में नया घर बनाया था और वहीं रह रहे थे.”
पुलिस और जांच एजेंसियों ने शुरू की जांच
घटना की परिस्थितियों को लेकर पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है. ओसी नाजमुल कादर ने बताया कि रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के साथ क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) और डिटेक्टिव ब्रांच (डीबी) की टीमें भी मामले की जांच कर रही हैं.
नाजमुल कादर ने कहा कि फिलहाल हमने चार लोगों के शव बरामद किए हैं. अभी तक हम घटना के बारे में कोई ठोस जानकारी स्थापित नहीं कर पाए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा.
अलग-अलग जगहों पर मिले शव
इस संबंध में रंगपुर मेट्रोपॉलिटन सीआईडी के प्रभारी सुबीर चौधरी ने बताया कि घर के अंदर चारों शव अलग-अलग स्थानों पर मिले. उनके अनुसार, मां और बेटी के शव सीढ़ियों के पास से बरामद किए गए, जबकि गणपति चक्रवर्ती का शव छत पर मिला. सुबीर चौधरी के मुताबिक, 12 वर्षीय प्रियम चक्रवर्ती का शव एक बिस्तर के नीचे मिला. घटना की जांच की जा रही है.

