बिहार में हादसा: वैशाली में नाव डूबी, 13 बच्चों की मौत, राष्ट्रपति-पीएम ने जताया दुख

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Vaishali Boat Tragedy: मंगलवार की देर शाम बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में बड़ा हादसा हो गया. गंगा नदी में एक नाव पलट गई. इस हादसे में डूबने से कम से कम 13 बच्चों की मौत हो गई. मृतकों में 10 बच्चियां शामिल हैं. बताया जा रहा है कि छोटी नाव पर 20 से 25 लोग सवार थे, जो मत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे. हादसे के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया. स्थानीय गोताखोरों के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई.

मत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे. हादसे का शिकार हुए लोग

जिलाधिकारी वर्षा सिंह के मुताबिक, हादसा रात करीब 8:30 बजे राघोपुर थाना क्षेत्र में हुआ. यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाव पर 15 से 20 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर बच्चे थे. हालांकि, नाव में सवार लोगों की सही संख्या का पता अभी नहीं चल पाया है. बताया गया है कि हादसे का शिकार हुए लोग मत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे.

हादसे पर राष्ट्रपति ने जताया दुख

हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिलने की कामना की. राष्ट्रपति ने कहा कि वैशाली में हुई नाव दुर्घटना में बच्चों की मौत की खबर बेहद दुखद है. उन्होंने शोक में डूबे परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही, हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.

हादसे पर पीएम मोदी ने जताया शोक

हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये दिए जाएंगे. वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी.

पीएमओ ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर वैशाली में नाव पलटने की घटना को बेहद दुखद बताया. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है. पीएमओ की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, मृतकों के परिजनों और घायलों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाएगी.

बिहार सरकार देगी चार-चार लाख रुपये

बिहार सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है. इस तरह केंद्र और राज्य सरकार की घोषित सहायता के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल छह लाख रुपये की आर्थिक मदद मिल सकती है. हालांकि, सहायता राशि के वितरण की प्रक्रिया संबंधित सरकारी प्रावधानों के अनुसार होगी.

More Articles Like This

Exit mobile version