‘नाना पाटेकर जिंदा हैं?’ तनुश्री दत्ता के चौंकाने वाले दावे से मचा हड़कंप, मौत की खबर पर उठाए सवाल

Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Nana Patekar Tanushree Dutta: बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर के निधन को लेकर एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता ने कई सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने अंतिम संस्कार से जुड़ी परिस्थितियों, अंतिम दर्शन का मौका नहीं मिलने और प्रेयर मीट आयोजित नहीं किए जाने पर हैरानी जताई. तनुश्री ने यह दावा भी किया कि नाना पाटेकर जीवित हो सकते हैं. हालांकि, उनके इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

Nana Patekar के अंतिम संस्कार पर Tanushree Dutta ने उठाए सवाल

तनुश्री दत्ता ने सोमवार रात इंस्टाग्राम लाइव के दौरान नाना पाटेकर के निधन को लेकर अपनी शंकाएं जाहिर कीं. उन्होंने सवाल किया कि इतने मशहूर अभिनेता के अंतिम दर्शन के लिए लोगों को मौका क्यों नहीं मिला और अंतिम संस्कार रात में इतनी जल्दी क्यों किया गया। उनके मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री और मीडिया से जुड़े लोगों ने भी अभिनेता के पार्थिव शरीर को देखने की बात सामने नहीं रखी. तनुश्री ने कहा कि अंतिम संस्कार रात करीब 11:28 बजे किए जाने की बात उन्हें परेशान कर रही है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या परिवार के सदस्यों को अंतिम बार नाना पाटेकर का चेहरा देखने का अवसर मिला था.

श्रद्धांजलि सभा न होने पर भी जताई नाराजगी

एक्ट्रेस ने नाना पाटेकर के निधन के बाद प्रेयर मीट नहीं होने पर भी सवाल किया. उनका कहना था कि इतने बड़े कलाकार के लिए श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जानी चाहिए थी, जहां फिल्म जगत के लोग और उनके प्रशंसक उन्हें अंतिम विदाई दे सकते. तनुश्री ने सोशल मीडिया पर दी गई श्रद्धांजलियों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या श्रद्धांजलि देने वाले लोगों ने वास्तव में अभिनेता का पार्थिव शरीर देखा था. उन्होंने यह भी कहा कि जब शव का चेहरा ढका हुआ था, तो उसकी पहचान को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. इसी आधार पर उन्होंने पूछा कि आखिर अंतिम संस्कार किसका किया गया.

अस्पताल ले जाने का वीडियो सामने न आने पर सवाल

तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर को अस्पताल ले जाने की तस्वीरें या वीडियो सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने अपने एक पुराने सड़क हादसे का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे, जबकि नाना पाटेकर के मामले में उन्हें ऐसा कोई दृश्य देखने को नहीं मिला. उन्होंने अस्पताल में अभिनेता को मृत घोषित किए जाने और पोस्टमार्टम किए जाने से जुड़ी जानकारी का उल्लेख करते हुए इस पूरे घटनाक्रम पर संदेह जताया.

DNA टेस्ट की मांग की

तनुश्री ने अपने दावों को आगे बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें शक है कि नाना पाटेकर जीवित हो सकते हैं. उन्होंने यह आशंका भी जताई कि जिस व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया गया, वह अभिनेता नहीं थे. एक्ट्रेस ने पहचान की पुष्टि के लिए DNA टेस्ट कराने की मांग की. उन्होंने दावा किया कि नाना पाटेकर सिंगापुर या मलेशिया में हो सकते हैं और यह भी आशंका जताई कि उन्होंने अपनी पहचान बदल ली हो. तनुश्री ने कथित तौर पर फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनाए जाने की संभावना का भी जिक्र किया. हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में कोई पुष्ट प्रमाण सामने नहीं आया है. इन बयानों को तनुश्री के निजी दावों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए.

यौन उत्पीड़न का लगा चुकी हैं आरोप

तनुश्री दत्ता साल 2008 में फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ के एक गाने की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा चुकी हैं. उन्होंने 2018 में मीटू आंदोलन के दौरान भी इस मामले को सार्वजनिक रूप से उठाया था. नाना पाटेकर ने इन आरोपों से इनकार किया था. जून 2019 में पुलिस ने मामले में उन्हें क्लीन चिट दे दी थी. नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर फैलने की बात कही गई. कई लोगों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. तनुश्री दत्ता ने भी इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘ईविल इज डेड’ लिखा था.

ये भी पढ़ें- हॉलीवुड में शोक की लहर, 34 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए ‘ब्रेकिंग बैड’ एक्टर आरजे मिट्टे

Latest News

Jordan Church Attack: अंतिम संस्कार के दौरान चर्च में हमला, 9 लोगों की मौत, दर्जनों घायल, तीन संदिग्ध अरेस्ट

Jordan Church Attack: जॉर्डन में एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर हुए हमले के सिलसिले में सुरक्षा बलों ने सोमवार...

More Articles Like This

Exit mobile version