Bihar: हाईवे किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा, पांच लोगों की मौत, पांच घायल

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Bettiah Accident: बिहार से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. शुक्रवार की देर रात पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा बसवरिया और पराउटोला के बीच रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी. इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार के बीच अफरा-तफरी मच गई.

छठिहार समारोह में चल रहा था ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम

बताया गया है कि धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार को छठिहार समारोह का आयोजन किया गया था. उनका घर NH-727 के किनारे स्थित है. समारोह के दौरान घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम हो रहा है. कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के कई लोग सड़क किनारे खड़े थे. इसी दौरान लौरिया की ओर से बेतिया जा रही शाही बस तेज रफ्तार की वजह से बेकाबू होकर भीड़ में घुस गई. बस की जद में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

दो ने मौके पर और तीन अस्पताल में तोड़ा दम

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो, हादसे के वक्त बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा एक ट्रक भी आ रहा था, जबकि दूसरी ओर से शाही बस बेतिया की तरफ जा रही थी. इसी दौरान बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गई. हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर ही दो लोगों की मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान तीन और घायलों की मौत हो गई. इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई. वहीं पांच अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है.

इस रूप में हुई मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी.

दुर्घटना की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह मानी जा रही है. फिलहाल, जांच की जा रही है.

Latest News

पाकिस्तान में बढ़ी शहबाज सरकार की मुश्किलें! इमरान खान के विवाद के बीच विपक्ष ने भी कसी कमर

Islamabad: पाकिस्तान में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार की मुश्किलें लगातार बढ़ती ही जा रही हैं. एक तरफ जेल...

More Articles Like This

Exit mobile version