Bihar Unique Crime: बिहार में शराबबंदी के बाद तस्कर शराब की खेप छिपाकर ले जाने के लिए तरह-तरह के तरीके अपनाते रहे हैं. कभी एंबुलेंस में शराब छिपाने का मामला सामने आता है तो कभी दूध के टैंकर का इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन मोतिहारी में सामने आया शराब तस्करी का यह मामला इन सबसे अलग है. यहां एक युवक ने पुलिस से बचने के लिए घोड़े को ही शराब पहुंचाने का जरिया बना लिया.
हालांकि, उसका यह तरीका ज्यादा देर तक पुलिस की नजरों से बच नहीं सका. मोतिहारी में शादी का सीजन खत्म होने के बाद आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक युवक ने घोड़े के जरिए उत्तर प्रदेश से विदेशी शराब की खेप लाने की कोशिश की. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल कुमार को घोड़े और शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से कुल 52.560 लीटर विदेशी शराब बरामद की है.
घोड़े पर लादकर ले जा रहा था शराब की खेप
यह मामला मोतिहारी के पहाड़पुर थाना क्षेत्र का है. शनिवार सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके से एक व्यक्ति घोड़े पर सवार होकर शराब की बड़ी खेप लेकर गुजरने वाला है. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार को घोड़े समेत पकड़ लिया. जब घोड़े पर लदे सामान की तलाशी ली गई तो उसमें विदेशी शराब की बड़ी खेप मिली. पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब की कुल मात्रा 52.560 लीटर थी. इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उससे शराब तस्करी को लेकर पूछताछ की गई.
शादी-ब्याह का सीजन खत्म होते ही बढ़ी आर्थिक परेशानी
पूछताछ के दौरान राहुल कुमार ने शराब तस्करी के पीछे अपनी आर्थिक स्थिति को वजह बताया. उसने पुलिस को बताया कि वह पहले शादी-ब्याह के सीजन में अपने घोड़े को किराए पर देता था. शादियों का सीजन खत्म होने के बाद घोड़े से होने वाली उसकी कमाई भी बंद हो गई. इसके बाद उसके सामने घर चलाने को लेकर आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई.
इसी दौरान उसने शराब की तस्करी करने की योजना बनाई. राहुल ने अपने घोड़े के जरिए उत्तर प्रदेश से शराब लाकर उसे बेचने का प्लान बनाया था. इसी योजना के तहत वह शराब की खेप लेकर जा रहा था, लेकिन पुलिस को पहले ही इसकी जानकारी मिल गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
शराब तस्करी में घोड़े का इस्तेमाल देख पुलिस भी हैरान
शराब की तस्करी के लिए घोड़े का इस्तेमाल करना इस मामले को खास बना देता है. पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्कर अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल करते रहे हैं, लेकिन इस मामले में शराब की खेप को घोड़े के जरिए ले जाने की कोशिश की गई. बिहार में इससे पहले भी शराब छिपाने के लिए अलग-अलग तरह के तरीके अपनाए जाने के मामले सामने आते रहे हैं. कभी शराब को तहखाने में छिपाया गया तो कभी कद्दू और कटहल जैसी चीजों के अंदर छिपाकर ले जाने की कोशिश की गई.
आरोपी पर शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई
फिलहाल पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस की ओर से उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है. वहीं, पुलिस ने शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए गए घोड़े को भी अपनी कस्टडी में ले लिया है. इसके साथ ही पुलिस राहुल कुमार से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी तलाश कर रही है, ताकि इस तस्करी से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.
यह भी पढ़े: अमित शाह ने कहा- ISI समर्थित शहजाद भट्टी का नेटवर्क ध्वस्त, 200 से ज्यादा गिरफ्तार