छत्तीसगढ़: बारात की खुशियों में मातम ने दी दस्तक, ट्रक-स्कॉर्पियो की टक्कर, पांच लोगों की मौत

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Chhattisgarh Accident: छत्तीसगढ़ से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यह हादसा जांजगीर-चांपा जिले में हुआ है. जांजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकली गांव के पास नेशनल हाईवे-49 पर मंगलवार की देर रात नवागढ़ से बारात से लौट रही स्कार्पियो और ट्रक की टक्कर हो गई. इस हादसे में स्कार्पियो सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

शादी समारोह से लौट रहे थे स्कार्पियो सवार

मिली जानकारी के मुताबिक, नवागढ़ के रहने वाले आठ लोग स्कार्पियो में सवार होकर पंतोरा गांव बारात में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम के बाद देर रात लौटते वक्त सुकली गांव के पास एनएच -49 पर तेज रफ्तार ट्रक से स्कार्पियो की आमने-सामने की टक्कर हो गई. इस दुर्घटना के बाद स्कार्पियो में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी. कुछ ही देर में जांजगीर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जबकि अन्य घायलों को तत्काल पुलिस जिला अस्पताल लाई, जहां इलाज के दौरान दो और लोगों की भी मौत हो गई.

मृतकों में दो सेना के जवान भी शामिल

तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक बिलासपुर रेफर कर दिया. हादसे में जान गंवाने वालों में दो सेना के जवान भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक की कुछ ही दिनों पहले शादी हुई थी. सभी मृतक और घायल नवागढ़ के एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे. सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों के साथ ही ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए.

फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने स्थल निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है. जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा.

Latest News

ट्रंप का इशारा मिलते ही ईरान पर टूट पड़ेगी अमेरिकी सेना, 96 घंटे का अल्टीमेटम, पेंटागन ने तैयार की संभावित ठिकानों की लंबी लिस्ट

Donald Trump: अमेरिका और ईरान के बीच टकराव एक बार फिर बड़े युद्ध में बदल सकता है. दरअसल पश्चिम...

More Articles Like This

Exit mobile version