Delhi School Bomb Threat: राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Delhi School Bomb Threat: राजधानी दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है. यहां धौला कुआं में आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड पर एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह धमकी एक ई-मेल के माध्यम से मिली है. इस धमकी के बाद स्कूल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल परिसर को खाली करा लिया गया है और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गहन जांच की जा रही है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कूल प्रशासन को एक अज्ञात ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी. ई-मेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर पूरे स्कूल परिसर को खाली कराया और चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू कर दी. छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया है. जांच में अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है.

इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने स्कूल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर सेल की मदद ले रही है. फिलहाल, स्कूल परिसर में बम की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, सुरक्षा की दृष्टि से जांच पूरी होने तक स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं और जांच जारी है.

More Articles Like This

Exit mobile version