ED Raid: पंजाब के मंत्री के ठिकानों पर ED की रेड, 20 गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे अधिकारी

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

ED Raid: शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने पंजाब के स्थानीय निकाय एवं संसदीय कार्य मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-2 आवास सहित दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में कई ठिकानों पर छापामारी की. इस कार्रवाई के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान भी तैनात रहे. बताया जा रहा है कि करीब 20 वाहनों में पहुंची टीम ने लंबे समय तक दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की.

सूत्रों की माने तो, ईडी ने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के दफ्तरों और संजीव अरोड़ा से जुड़े परिसरों सहित कुल पांच ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की. जांच एजेंसी को कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी खरीद बिलों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े इनपुट मिले हैं.

ईडी की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोबाइल फोन कारोबार से जुड़े फर्जी जीएसटी खरीद बिलों के जरिए अवैध तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का दावा किया गया. आरोप है कि दिल्ली की कई गैर-मौजूद फर्मों के नाम पर फर्जी खरीद दिखाकर जीएसटी रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का लाभ लिया गया. जांच एजेंसी को संदेह है कि निर्यात के जरिए धन को दुबई से भारत वापस लाने का भी प्रयास किया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा.

संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर एक वर्ष में तीसरी बार रेड

जानकारी के मुताबिक, पिछले एक वर्ष में संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर यह तीसरी, जबकि एक महीने के अंदर दूसरी कार्रवाई बताई जा रही है. इससे पहले भी ईडी की टीम पंजाब में कई कारोबारी और राजनीतिक रूप से चर्चित चेहरों के ठिकानों पर रेड कर चुकी है. हाल ही में मोहाली स्थित वेस्टर्न टावर में दो बिल्डरों से जुड़े मामले में कार्रवाई हुई थी, जहां कथित तौर पर भारी मात्रा में नकदी मिलने के दावे चर्चा में रहे थे.

इसके अलावा इससे पहले राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के ठिकानों पर भी ईडी की कार्रवाई हुई थी. वहीं, एक अन्य कारोबारी के यहां भी रेड की गई थी, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को लेकर विपक्ष और आम आदमी पार्टी आमने-सामने आ गए हैं.

सीएम मान ने एक्स पर लिखा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘आज फिर भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है. एक साल में तीसरी और एक महीने में दूसरी बार रेड हुई, लेकिन कुछ नहीं मिला. पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, इसे दबाया नहीं जा सकता.’ सीएम मान ने आगे कहा कि पंजाब भाजपा और ईडी के ‘अनैतिक गठजोड़’ का जवाब देगा.

Latest News

मुंबईः स्कूल बस पर गिरा पेड़, एक बच्चे की मौत, दस घायल

Mumbai School Bus Accident: मुंबई से दुखद खबर सामने आई है. मंगलवार की दोपहर यहां एक स्कूल बस पर पेड़...

More Articles Like This

Exit mobile version