Boat sinks in France: फ्रांस से बड़ी खबर सामने आई है. ब्रिटेन जाने की कोशिश कर रहे प्रवासियों की नाव समुद्र में हादसे का शिकार हो गई. फ्रांसीसी अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को इंग्लिश चैनल पार करने के दौरान एक बच्चे और दो महिलाओं सहित तीन प्रवासियों की मौत हो गई.
फ्रांस की समुद्री पुलिस ने बताया कि उन्हें एक इनफ्लेटेबल डिंगी यानी हवा से भरी नाव से संकटकालीन मदद का संदेश मिला था. उस छोटी सी नाव में करीब 105 लोग सवार थे.
समुद्र शांत होने के बावजूद क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की वजह से नाव अचानक अनियंत्रित होकर मुश्किल में फंस गई और डूब गई. ज्यादातर लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन तीन लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी.
यह दुखद घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब पोप लियो यूरोपीय शांति और एकता के विषय पर अपना विशेष भाषण देने वाले थे.
यह हादसा यूरोप में सुरक्षित पनाह की तलाश में अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक समुद्री सफर तय करने वाले प्रवासियों के गंभीर संकट को एक बार फिर उजागर करता है.

