गरियाबंद: पुलिस ने बरामद किया माओवादी हथियारों का जखीरा, 6 ठिकानों से जब्त किए हथियार और विस्फोटक

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Chhattisgarh Arms Cache Recovered: छत्तीसगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र की ओडिशा सीमा से लगे भालूडिग्गी व मेटाल की पहाड़ी श्रृंखलाओं में माओवादियों द्वारा छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का जखीरा बरामद किया है. जिला पुलिस बल की ई-30 ऑप्स टीम ने 36 घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद 6 अलग-अलग स्थानों से स्वचालित हथियार, बीजीएल सेल और हथियार निर्माण से जुड़े उपकरण जब्त किए.

पुलिस को हथियारों की यह जानकारी जनवरी 2026 में समाज की मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से पूछताछ के बाद मिली थी. प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) की ओडिशा राज्य कमेटी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जिले की सीमा से सटी पहाड़ियों में हथियारों का जखीरा रखे जाने की जानकारी के आधार पर 6 फरवरी 2026 को ई-30 टीम को मौके के लिए रवाना किया गया था. इस 36 घंटे के अभियान में टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी.

अभियान के दौरान पुलिस ने दो इंसास राइफल, एक .303 राइफल, एक देशी कट्टा, एक सुरका (देशी बीजीएल लॉन्चर), दो 12 बोर हथियार, दो सिंगल शॉट हथियार, 127 जिंदा राउंड, आठ मैगजीन, 22 बीजीएल सेल, इलेक्ट्रिक वायर का एक बंडल तथा हथियार वर्कशॉप के विभिन्न उपकरण बरामद किए. पुलिस के मुताबिक, माओवादियों की टेक्निकल टीम शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आईईडी और देशी हथियारों का निर्माण तथा स्वचालित हथियारों की मरम्मत का काम करती थी.

यह बरामदगी गरियाबंद पुलिस द्वारा पिछले डेढ़ वर्ष से चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान ‘ऑपरेशन विराट’ का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस अभियान के तहत 26 जनवरी 2026 से पूर्व धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के सभी सूचीबद्ध सक्रिय माओवादियों को या तो आत्मसमर्पण कराया गया या निष्क्रिय किया गया. इस हथियार डम्प की बरामदगी से क्षेत्र में माओवादी हिंसा की संभावना लगभग समाप्त सी हो गई है.

पुलिस अधीक्षक ने की कार्रवाई की सराहना
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने जिले में शांति और सुरक्षा की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया है. उन्होंने ई-30 टीम और संयुक्त बल के प्रयासों की सराहना की है. पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 57 हथियार, 300 कारतूस और 21 मैगजीन बरामद किए गए हैं, जिनमें 28 स्वचालित हथियार शामिल हैं. इसके अतिरिक्त, 240 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 17 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 7 आईईडी बम और लगभग 100 मीटर कार्डेक्स वायर भी जब्त किए गए हैं.

Latest News

20 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

20 October 2026 Ka Panchang:  20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि है....

More Articles Like This

Exit mobile version