Hapur Girl Self Harm Case: प्रेमी से बात बंद होते ही प्रेमिका ने उठाया खौफनाक कदम, खुद को घायल कर रची हमले की कहानी; हापुड़ पुलिस का खुलासा

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Hapur Girl Self Harm Case: हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक स्कूल के पीछे खून से लथपथ मिली 21 वर्षीय छात्रा के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. प्रारंभ में इसे हत्या के प्रयास का मामला माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि युवती ने खुद को ही ब्लेड से घायल किया था.

प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला मामला

पुलिस के अनुसार, छात्रा का हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव सादिकपुर निवासी एक युवक से करीब एक साल से प्रेम संबंध था. शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने उससे बातचीत बंद कर दी. इसी बात से आहत होकर युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई.

ब्लेड से खुद को किया घायल

जांच में सामने आया कि युवती घटनास्थल के पास सरसों के खेत में पहुंची और वहां ब्लेड से अपने गले और हाथ पर वार कर लिया. बाद में परिवार के डर से उसने अज्ञात हमलावर द्वारा हमला किए जाने की कहानी बना दी.

कोचिंग जाते समय हुई घटना

गांव बनखंड़ा की रहने वाली छात्रा मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी. परिजनों के अनुसार, वह रोजाना दोपहर बाद घर लौटती थी. लेकिन दोपहर में स्थानीय लोगों ने उसे स्कूल के पीछे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी.

अस्पताल में कराया गया भर्ती

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को एंबुलेंस से गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. शुरुआत में छात्रा के पिता ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया था.

पूछताछ में सामने आई सच्चाई

पुलिस पूछताछ में छात्रा ने बताया कि प्रेमी के बड़े भाई की शादी न होने के कारण युवक अपनी शादी टाल रहा था. जब युवती ने जल्दी विवाह की जिद की तो उसने बातचीत बंद कर दी. इसी तनाव में आकर उसने खुद को नुकसान पहुंचाया.

पुलिस कर रही आगे की जांच

थाना बाबूगढ़ के प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि छात्रा ने प्रेम प्रसंग के चलते स्वयं को घायल किया है. युवक पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़े: फिलीपींस: उड़ान भरते समय कंक्रीट के बैरियर से टकराया अमेरिकी सैन्य विमान, पांच कर्मी घायल

More Articles Like This

Exit mobile version