Hapur Accident: यूपी के हापुड़ से दुखद खबर सामने आई हैं. यहां अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे तीन लोगों की जिंदगी सड़क हादसे का शिकार हो गई. यह हादसा आज दोपहर शाहपुर जट के पास हुआ. हाई स्पीड बाइक खड़े पिकअप से टकरा गई.
खड़े पिकअप से टकराई हाई स्पीड बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के नंदग्राम के तीन लोग गढ़ गंगा में अपने मकान मालिक के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे हैं. इसी दौरान दिल्ली-लखनऊ हाईवे (एनएच-9) पर ग्राम शाहपुर जट के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े पिकअप से टकरा गई.
पुलिस के मुताबिक
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पीआरवी-5681 को एनएच-9 पर ग्राम शाहपुर जट के पास दुर्घटना की सूचना मिली. थाना बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि टीवीएस राइडर बाइक पर तीन युवक सवार थे.
बाइक हाईवे किनारे खड़ी राजस्थान नंबर की पिकअप में पीछे से टकरा गई. इस हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने दो अन्य को उपचार के लिए सीएचसी हापुड़ पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया.
इस रूप में हुई मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान गोविंद (35 वर्ष) पुत्र रामेश्वर, रवि (37) पुत्र रामेश्वर और ब्रजेश (45 वर्ष) पुत्र हरि सिंह निवासी गली नंबर-16, नंदग्राम, गाजियाबाद के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.