Kabul Hospital Attack: अफगानिस्तान के काबुल में एक अस्पताल पर पाकिस्तान ने जबरदस्त एयर स्ट्राइक की. इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दिखाया गया है कि काबुल में एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल पर पाकिस्तानी हवाई हमले के बाद एक जोरदार धमाका हुआ.
एक्स पर यह वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें अस्पताल के ऊपर से आग की लपटें और धुएं का एक बड़ा सा गुबार उठते हुए दिखाई दे रहा है. एक अन्य वीडियो में सुरक्षा बल टॉर्च की रोशनी में शवों को बाहर निकालते और दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, इन वीडियो की अभी पुष्टि नहीं पाई है.
अफगान तालिबान के एक प्रवक्ता ने बताया
अफगान तालिबान के एक प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी हमले में 400 लोग मारे गए और 250 घायल हो गए. बताया जा रहा है कि यह अफगानिस्तान पर अब तक का सबसे घातक हमला है. अफगानिस्तान के उप-सरकारी प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि यह हमला स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 9 बजे 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल पर हुआ.
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने पाकिस्तान पर अत्याचार करने के लिए अस्पतालों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, “हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं और ऐसे कृत्य को सभी मान्य सिद्धांतों के विरुद्ध तथा मानवता के विरुद्ध अपराध मानते हैं.”
क्या कहा पाकिस्तान ने?
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया. वहीं, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल और पूर्वी प्रांत नंगरहार में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए सटीक हवाई हमले किए हैं.