Khamenei Funeral Will Take Place: मौत के चार महीने बाद खामेनेई का अंतिम संस्कार होगा. ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के लगभग चार महीने बाद उनको ईरान के मशहद शहर में इमाम रजा के मज़ार के पास सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा.
खामेनेई की अंतिम इच्छा थी कि शिया इस्लाम की सबसे सम्मानित हस्तियों में से एक के बगल में उनको दफनाया जाए. आईआरजीसी के मुताबिक, उनके जनाजे में आधुनिक इतिहास के सबसे बड़े जनसमूहों में से एक देखने को मिल सकता है. जनाजा 21 जून के आसपास निकलने की उम्मीद है.
दो करोड़ लोगों के एकत्र होने की उम्मीद
सरकारी मीडिया के मुताबिक, ईरानी अधिकारियों को उम्मीद है कि अंतिम संस्कार की रस्मों के लिए तेहरान, कोम और मशहद में लगभग 2 करोड़ शोक मनाने वाले लोग एकत्र होंगे. सार्वजनिक दर्शन और विदाई के लिए पूरे तीन दिन निर्धारित किए गए हैं.
मालूम हो कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की संयुक्त हवाई हमलों में तेहरान स्थित खमेनेई के दफ्तर-सह-आवास के मलबे में तब्दील हो जाने के बाद से उनके शव के बारे में कोई खबर नहीं मिली. इन हवाई हमलों में उनके परिवार के कई अन्य सदस्य भी मारे गए थे.
तेहरान में मुख्य अंतिम संस्कार समारोह कम से कम 24 घंटे तक चलने की उम्मीद है, जिसके बाद धार्मिक केंद्र कोम और अंत में मशहद में जुलूस निकाले जाएंगे, जहां इमाम रजा दरगाह पर उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. IRGC के एक बयान के मुताबिक, तेहरान नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि दफनाए जाने से पहले खामेनेई के पार्थिव शरीर को जुलूस के रूप में पवित्र शहरों कोम और मशहद से गुजारा जाएगा.

