Accident in Maharashtra: यदि जन्म हुआ है तो एक न एक दिन मरना भी तय, लेकिन मौत किस बहाने से आएगी, इसका कोई भरोसा नहीं है. कुछ ऐसा ही हुआ एक परिवार के साथ. लस्सी पीने जाना चार लोगों की मौत का बहाना बन गया. यह दुखद घटना महाराष्ट्र के जलगांव से सामने आई हैं, स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई. बताया गया कि ये सभी लस्सी पीने जा रहे थे.
बाइक से लस्सी पीने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, मलकापुर के एक आदिवासी पारधी परिवार के सदस्य बाइक से लस्सी पीने के लिए वरनगांव जा रहे थे. अभी गांव से थोड़ा आगे पहुंचते ही थे कि वरनगांव के पास मुंबई-नागपुर हाईवे बाईपास पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बाइक में टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. मौके पर मौजूद लोगों लोगों ने बाइक सवारों की पहचान करते हुए तत्काल उनके रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी. कुछ ही देर में रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से घायलों को जलगांव डिस्ट्रिक्ट गवर्नमेंट हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे व्यक्ति ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
इस रूप में हुई मृतकों की पहचान
बाइक चालक विजय शंकर काले (19 वर्ष), ऐश्वर्या बहादुर भोसले (30 वर्ष), परिवार की महिला सदस्य, विग्नेश शंकर चव्हाण (14 वर्ष), मोनालिसा शिवबसप्पा भोसले (1 वर्ष) शामिल है.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
जलगांव पुलिस ने बताया कि इस हादसे में स्कॉर्पियो चालक भी गंभीर रूप से घायल है और उसे इलाज के लिए एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की जांच में जुटी हैं.