Manipur: CM एन बीरेन सिंह के काफिले पर उग्रवादियों ने किया हमला, की कई राउंड फायरिंग

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

इंफालः सोमवार को कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के सुरक्षा काफिले पर घात लगाकर हमला कर दिया. यह हमला जेड श्रेणी सुरक्षा के सुरक्षा कर्मियों पर किया गया था. इस हमले में अभी तक एक जवान के घायल होने की खबर है. बताया जा रहा है कि काफिला हिंसा प्रभावित जिरीबाम जिले की ओर जा रहा था. सुरक्षा बलों के वाहनों पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिन्होंने जवाबी कार्रवाई की.

पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के एक हिस्से पर कोटलेन गांव के पास गोलीबारी अभी भी जारी है. पुलिस ने बताया कि हमले के दौरान कम से कम एक जवान गोली लगने से घायल हो गया. उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. घायलों की संख्या बढ़ सकती है. बताया जा रहा है कि मणिपुर पुलिस की सुरक्षा टीम सीएम एन बीरेन सिंह के दौरे से पहले जिरीबाम गई थी.

एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “सीएम बीरेन सिंह अभी दिल्ली से इंफाल नहीं पहुंचे हैं, जिले में स्थिति का जायजा लेने के लिए जिरीबाम जाने की योजना बना रहे थे.” शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने जिरीबाम में दो पुलिस चौकियों, एक वन बीट कार्यालय और कम से कम 70 घरों को आग के हवाले कर दिया था.

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, जिरीबाम इलाके में हुई ताजा हिंसा के बाद सोमवार को करीब 600 लोग अब असम के कछार जिले में शरण ले रहे हैं. सीमावर्ती इलाकों में कछार जिले की पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है. मणिपुर पुलिस के अनुसार, जिरीबाम में एक व्यक्ति की हत्या के बाद अज्ञात बदमाशों ने जिरीबाम जिले में मीतेई और कुकी दोनों समुदायों के कई घरों को जला दिया.

Latest News

फाइबर जितना ज्यादा, उतना बेहतर ये जरूरी नहीं, जानें रोजाना के लिए कितनी मात्रा है सही

fibre in our diet: जब भी हेल्दी डाइट की बात आती है तो सबसे पहले ध्यान प्रोटीन, विटामिन और...

More Articles Like This

Exit mobile version