Railway Track Blast: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में मंगलवार को रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया. यह विस्फोट अनूपगढ़-सूरतगढ़ पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के कुछ ही देर बाद हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाके के कारण रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा है. राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
मौके पर पहुंचीं सुरक्षा एजेंसियां, जांच शुरू Railway Track Blast
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं. एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. साथ ही किसी साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है.
SP हरिशंकर बोले- जांच के बाद ही स्पष्ट होगी वजह
श्रीगंगानगर के SP हरिशंकर ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है. रेलवे के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं. फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है. उनकी जांच के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
जब्त RDX से घटना का कोई संबंध नहीं
SP ने कहा कि अभी यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि यह विस्फोट था या किसी अन्य वजह से ऐसा हुआ. फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब्त किए गए RDX का इस घटना से कोई संबंध नहीं है.