Lawrence Bishnoi Gang: राजस्थान के जालौर जिले के सांचौर कस्बे में एक बार फिर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. इस बार राव मार्केट स्थित एक मोबाइल कारोबारी से विदेशी नंबरों के जरिए 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. रकम न देने पर कारोबारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी मिली है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सांचौर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
व्हाट्सएप कॉल के जरिए मांगी एक करोड़
पुलिस के मुताबिक, सांचौर की मुमादेवी कॉलोनी निवासी ओमाराम ने रिपोर्ट में बताया कि 13 जुलाई को उसके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए एक करोड़ रुपये की मांग की. आरोपी ने चेतावनी दी कि यदि रकम मिली तो उसे और उसके परिवार को गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा.
रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी
पीड़ित ने बताया कि 14 जुलाई को अलग-अलग विदेशी नंबरों से कई व्हाट्सएप कॉल आए, जिन्हें उसने रिसीव नहीं किया. इसके बाद 15 जुलाई को एक अन्य नंबर से कॉल आया. कॉल रिसीव न करने पर आरोपी ने दो वॉइस मैसेज भेजे. इन संदेशों में फिरौती नहीं देने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई. 19 जुलाई को एक बार फिर विदेशी नंबर से कॉल कर आरोपी ने 1 करोड़ रुपये की मांग दोहराई और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी.
पीड़ित ने थाने में दर्ज कराया मामला
धमकियों से परेशान कारोबारी ने सांचौर थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया. थानाधिकारी नेमाराम ने बताया तकनीकी टीम की मदद से विदेशी नंबरों, व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. घटना के बाद कारोबारी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उसके घर व आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मालूम हो कि सांचौर क्षेत्र में इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारियों से रंगदारी मांगने के मामले सामने आ चुके हैं. फिलहाल, पुलिस मामले में जांच में जुटी हैं.