Air Canada Plane Accident: अमेरिका के न्यूयॉर्क में स्थित ला गार्डिया एयरपोर्ट पर विमान हादसा हो गया. रनवे पर एयर कनाडा एक्सप्रेस का विमान ट्रक से टकरा गया. इस हादसे में विमान में सवार 100 से अधिक यात्रियों के घायल होने की भी खबर है.
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस विमान हादसे में पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई. घटना की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि टक्कर से कुछ पल पहले ही पायलट और वाहन चालक, दोनों को रुकने के निर्देश दिए गए थे. इसके बावजूद हादसा नहीं टल सका.
फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट FlightRadar24 ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि हवाई अड्डे पर लोगों को निकालने के लिए राहत बचाव का कार्य जारी है. घटना के तुरंत बाद अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सुरक्षा कारणों से हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों के लिए ‘ग्राउंड स्टॉप’ जारी कर दिया है. यानी सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई है.
पायलट और ट्रक चालक को रुकने का दिया गया था निर्देश
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. जांच के दौरान सामने आई ऑनलाइन ऑडियो रिकॉर्डिंग और शुरुआती फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि टक्कर होने से कुछ क्षण पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने बार-बार विमान के पायलट और ट्रक ड्राइवर को रुकने का निर्देश दिया था.
इसके बावजूद ट्रक ड्राइवर और विमान पायल कंट्रोल नहीं कर पाए और यह हादसा हो गया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विमान का अगला हिस्सा हवा में उठा हुआ नजर आ रहा है, जिससे टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
पांच दमकलकर्मी घायल
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट ने कहा है कि इस घटना कम से कम पांच दमकलकर्मी (फायर फाइटर्स) गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वहीं, विमान में सवार 100 से अधिक यात्रियों के घायल होने की भी खबर है.