प्रयागराजः जेल में बंद अतीक के बेटे के पास से मिला बड़ी मात्रा में कैश, डिप्टी जेलर और वार्डन सस्पेंड

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Prayagraj Crime: यूपी के प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि यहां हाई सिक्योरिटी सेल में बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली के पास से बड़ी मात्रा में कैश मिला है. यही नहीं, अली की सेल में कई प्रतिबंधित सामान भी मिले हैं. इस मामले को लेकर डीआईजी जेल ने डिप्टी जेलर शांति देवी और जेल वॉर्डन संजय द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया.

डीआईजी जेल राजेश कुमार ने जेल में की थी छापेमारी

दरअसल, बीते मंगलवार शाम डीआईजी जेल राजेश कुमार श्रीवास्तव ने अचानक जेल में छापेमारी की थी. इस दौरान अली की सेल में भारी मात्रा में कैश और प्रतिबंधित सामान मिला था. जानकारी के मुताबिक, अतीक के बेटे अली के पास से प्रतिबंधित सामान मिलने के बाद मामले की जांच की गई.

जांच में लापरवाही सामने आने पर डीआईजी जेल ने डिप्टी जेलर और वार्डन को सस्पेंड करने का आदेश जारी किया था. जेल अधिकारियों की मिलीभगत की भी जांच की जा रही है. अली को सुरक्षा कारणों से जेल की हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया है. इसके बावजूद उसके पास से भारी मात्रा में कैश और अन्य सामान मिले.

मालूम हो कि अली अतीक अहमद का दूसरे नंबर का बेटा है. अली 24 फरवरी 2023 को अधिवक्ता उमेश पाल और उनके दो पुलिस गार्डों की सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में भी आरोपी है. अली प्रॉपर्टी डीलर जीशान उर्फ ​​जानू से मारपीट और रंगदारी मांगने के मामले में वांछित है. उसने 2022 में कोर्ट में सरेंडर किया था और तब से वह नैनी सेंट्रल जेल में बंद है. पिता और चाचा की हत्या के बाद अली को हाई सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट कर दिया गया था. वर्तमान में उसके ऊपर 11 मुकदमे दर्ज हैं और खुलदाबाद थाने में अली की हिस्ट्री शीट भी खुली हैं.

Latest News

Motor Insurance Rules: IRDAI ने मोटर बीमा के नियमों में किया बड़ा बदलाव, 15 दिसंबर से लागू होगी चार-स्तरीय पॉलिसी व्यवस्था

Motor Insurance Rules: भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने निजी कारों और दोपहिया वाहनों के मोटर बीमा...

More Articles Like This

Exit mobile version