Sitapur Crime: सिरफिरे ने की परिवार के पांच लोगों की हत्या, खुद को भी मारी गोली

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Sitapur Crime: यूपी के सीतापुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है. यहां शुक्रवार की देर रात पाल्हापुर गांव में नशे के हालत में एक व्यक्ति हैवान बन गया. उसने मां-पत्नी और तीन बच्चों की हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन ग्रामीणों की माने तो आपसी कहासुनी के बाद यह वारदात हुई. उधर, घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी है.

बच्चों के साथ लखनऊ रहती थी पत्नी प्रियंका
जानकारी के अनुसार, पाल्हापुर गांव के अनुराग सिंह (40 वर्ष) के पिता वीरेंद्र सिंह की मौत हो चुकी है. अनुराग सिंह अपनी मां सावित्री देवी (65 वर्ष) के साथ गांव में रहता था. उसकी पत्नी प्रियंका सिंह (38 वर्ष), बेटी आश्वी (12 वर्ष), आरना (10 वर्ष) और बेटा आदविक (6 वर्ष) के साथ लखनऊ में रहते थी. पत्नी प्रियंका बच्चों के साथ शुक्रवार को गांव आई थी.

मां को मारी गोली, पत्नी पर हथौड़े से किया वार, बच्चों को छत से फेंका
ग्रामीणों की माने तो अनुराग की घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. इससे आक्रोशित अनुराग ने मां को गोली मार दी और पत्नी पर हथौड़े से वार कर दिया और बच्चों को छत से फेंक दिया. गंभीर रूप से घायल होने से मां, पत्नी व दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आदविक ने ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. बाद में अनुराग ने भी खुद के गोली मारकर आत्महत्या कर ली. सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी दिनेश शुक्ल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. सुबह करीब नौ बजे एसपी चक्रेश मिश्र ने भी घटनास्थल का मुआयना किया.

मौके से मिले खोखे, नहीं मिला असलहा
घटनास्थल पर 315 बोर के दो खोखे बरामद हुए हैं, लेकिन असलहा नहीं मिला है. असलहा न मिलना भी कुछ संदेह पैदा कर रहा है. ग्रामीणों के मुताबिक, अनुराग शराब का आदी था.

पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया कि युवक शराब के नशे का आदी था. उसने ही परिवार के सभी सदस्यों की हत्या की. कुल 6 लोगों की मौत हुई है. फॉरेंसिक टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है. अलग-अलग बिंदुओं पर घटना की जांच की जा रही है.

Latest News

भारतीय वायु सेना के परिवहन बेड़े को 60 नए विमानों की खरीद से मिलेगी नई ताकत: Report

Indian Air Force Medium Transport Aircraft: भारतीय वायुसेना (IAF) के परिवहन बेड़े को जल्द ही बड़ी मजबूती मिल सकती...

More Articles Like This

Exit mobile version