इंस्टाग्राम का प्यार बना खूनी साजिश! शादी में मां बनी रोड़ा तो बेटी ने प्रेमी संग रच डाली हत्या की कहानी

Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Love Crime: हरियाणा के सोनीपत में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या में बदल गया. पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत को पहले करंट लगने की घटना बताया गया था, लेकिन जांच में सामने आया कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी. मामले में महिला की बेटी के प्रेमी विकास को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस को शक है कि वारदात में मृतका की बेटी भी शामिल थी.

इलाके में फैल गई सनसनी Love Crime

घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि बेटी और आरोपी युवक के बीच सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई. आरोप है कि शादी को लेकर मां की असहमति के चलते दोनों ने मिलकर महिला को रास्ते से हटाने की साजिश रची.

3 अक्टूबर को अस्पताल से मिली थी मौत की सूचना

पुलिस के (Love Crime) अनुसार, 3 अक्टूबर को बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर से एक महिला की मौत की सूचना मिली थी. मृतका की पहचान रामेश्वरी के रूप में हुई. शुरुआती जानकारी में बताया गया कि महिला की जान करंट लगने के कारण गई है.

जिस समय पुलिस मौके पर पहुंची, वहां रामेश्वरी की बेटी जानवी और उसका दोस्त विकास मौजूद थे. मामले की जांच के तहत सेक्टर-27 थाना पुलिस ने 4 अक्टूबर को शव का पोस्टमार्टम कराया. अगले दिन सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी. रिपोर्ट में करंट लगने के बजाय गला दबाए जाने के संकेत मिले. इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से जांचना शुरू किया.

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी दोनों की मुलाकात

जानकारी के मुताबिक, रामेश्वरी अपनी बेटी जानवी के साथ सोनीपत के सेक्टर-15 में किराए के मकान में रहती थीं. जानवी की पहचान विकास से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. विकास डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है, जबकि जानवी इंस्टाग्राम पर रील्स बनाकर पोस्ट करती थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने शक के आधार पर विकास से पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने रामेश्वरी की हत्या में अपनी और जानवी की भूमिका के बारे में जानकारी दी.

हत्या के बाद करंट लगने की कहानी बताने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में विकास ने कथित तौर पर बताया कि रामेश्वरी की हत्या दोनों ने मिलकर की थी. इसके बाद घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए करंट लगने से मौत होने की कहानी बनाई गई. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस दावे की पोल खोल दी और पुलिस को हत्या के महत्वपूर्ण सुराग मिले. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात की पूरी योजना कैसे तैयार की गई और घटना में दोनों की भूमिका क्या रही.

आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी पुलिस

पुलिस ने विकास को गिरफ्तार कर लिया है. उसे अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि पूछताछ के जरिए घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके. पुलिस का कहना है कि मामले में मृतका की बेटी जानवी की भूमिका की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- वृंदावन में दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी साफ करने उतरे 4 छात्रों की मौत, जहरीली गैस बनी वजह

More Articles Like This

Exit mobile version