Udayan Guha Arrest: ममता सरकार में विकास मंत्री रहे उदयन गुहा को गिरफ्तार कर लिया गया है. दिनहाटा के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक को कोलकाता के फूलबागान स्थित उनके आवास से दिनहाटा थाने की पुलिस ने अरेस्ट किया है.
सूत्रों के मुताबिक, हाउसिंग फार आल परियोजना के तहत लोगों को मकान दिलाने के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूलने के आरोप में उनकी गिरफ्तारी हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्व मंत्री के खिलाफ चुनाव बाद हिंसा, धमकी देने और भ्रष्टाचार सहित कई अन्य आरोप भी बताए जा रहे हैं. खबर है कि उन्हें बुधवार को दिनहाटा थाने लाया गया है.
मालूम हो कि हाउसिंग फार आल योजना के तहत दिनहाटा के बायिंदादा क्षेत्र के लोगों को घर दिलाने के नाम पर नगरपालिका द्वारा अतिरिक्त 20,000 रुपये वसूले गए थे. उस समय उदयन गुहा नगरपालिका के चेयरमैन थे.
वहीं, दिनहाटा थाने के सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह दिनहाटा पुलिस की एक विशेष टीम कोलकाता पहुंची और फूलबागान इलाके से उन्हें गिरफ्तार कर लिया. गौरतलब है कि 4 मई को दिनहाटा विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार से चुनाव हारने के बाद उदयन गुहा वहां से चले गए थे और तब से कोलकाता में रह रहे थे. पिछले कुछ दिनों से वे सार्वजनिक रूप से भी नहीं दिखे थे.