यूक्रेन ने किया रूसी तेल टर्मिनल पर अटैकः जाने क्या कहा जेलेंस्की ने और क्या बोले पुतिन?

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Russia Ukraine War: यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग में यूक्रेन ने एक बार फिर रूस के ऊर्जा ढांचे पर हमला किया है. शनिवार को यूक्रेनी ड्रोन से रूस के दूसरे सबसे बड़े शहर सेंट पीटर्सबर्ग के एक तेल टर्मिनल पर हमला हुआ. इसकी पुष्टि करती हुए रूसी अधिकारियों ने कहा कि यह हमला शहर के कीरोव्स्की जिले में हुआ, जहां बाल्टिक सागर के किनारे तेल टर्मिनल स्थित है. सेंट पीटर्सबर्ग के गवर्नर अलेक्जेंडर बेगलोव के अनुसार, रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने शहर और आसपास के इलाकों में 72 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए. हालांकि, तेल टर्मिनल को नुकसान पहुंचा है, लेकिन अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई है.

रूस की युद्ध मशीन को कमजोर कर रहे हैः जेलेंस्की

इस हमले को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के खिलाफ ‘लॉन्ग-रेंज सैंक्शंस’ यानी लंबी दूरी की कार्रवाई बताया. उन्होंने कहा कि यूक्रेनी सेना ने केवल तेल टर्मिनल ही नहीं, बल्कि सेंट पीटर्सबर्ग के पास स्थित क्रोनश्टाट द्वीप पर मौजूद एक अहम सैन्य ठिकाने को भी निशाना बनाया. जेलेंस्की ने कहा कि रूस की तेल अवसंरचना से मिलने वाला पैसा उसकी युद्ध मशीन को मजबूत करता है, इसलिए ऐसे ठिकानों पर अटैक किए जा रहे हैं.

रूस में ईंधन संकट बढ़ा

यूक्रेन पिछले कई महीनों से रूस के तेल डिपो, रिफाइनरी और ईंधन भंडारण केंद्रों पर लगातार ड्रोन अटैक कर रहा है. इन हमलों की वजह से रूस के कई हिस्सों में ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है और सरकार पर दबाव बढ़ा है. सेंट पीटर्सबर्ग के इसी इलाके पर जून महीने में भी हमला हुआ था.

रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में भी हमला

इसके साथ ही रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में भी शनिवार को यूक्रेन के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 साल के एक बच्चे सहित दो अन्य लोग घायल हुए. स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, लगातार हमलों की वजह से कई जगहों पर आम लोगों के लिए पेट्रोल की बिक्री भी रोकनी पड़ी है.

यूक्रेनी हमलों पर क्या बोले पुतिन?

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों पर हो रहे हमलों को गंभीर नहीं बताते हुए कहा है कि रूस अपने सैन्य अभियान को तब तक जारी रखेगा, जब तक उसके लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते. उनका कहना है कि यूक्रेन ऐसे हमले कर युद्ध के मैदान में अपनी कमजोर स्थिति से ध्यान हटाना चाहता है.

कोस्त्यांतिनिव्का पर कब्जे का रूस ने किया दावा

इस बीच पुतिन ने शुक्रवार को यूक्रेन युद्ध का संचालन कर रहे सैन्य मुख्यालय का दौरा किया. वहां उन्हें कोस्त्यांतिनिव्का शहर पर कब्जे की जानकारी दी गई. पुतिन ने इसे बड़ी रणनीतिक सफलता बताया और कहा कि इससे स्लोवियांस्क और क्रामातोर्स्क जैसे अहम शहरों तक पहुंच आसान होगी. हालांकि, यूक्रेन ने रूस के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. यूक्रेनी सेना के प्रवक्ता मेजर आंद्रिय कोवालेव ने कहा कि रूस गलत जानकारी फैला रहा है और उसकी सेना अभी तक शहर पर कब्जा नहीं कर सकी है.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version