अमेरिकाः गोली मारकर गुजराती स्टोर मालिक की हत्या, बाल-बाल बची बेटी, फरार हुआ हमलावर

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

US Crime: अमेरिका से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां टेनेसी में एक गुजराती मूल के कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना उस समय हुई, जब जैक्सन शहर की एक शराब की दुकान में हथियारबंद बदमाश लूट के इरादे से पहुंचा था. घटना के दौरान कारोबारी की 19 वर्षीय बेटी भी उनके पास मौजूद थी, लेकिन वह बच गई.

पुलिस ने मृतक की पहचान सुरेश पटेल (56 वर्ष) के रूप में की. वह रिजक्रेस्ट रोड स्थित रिजक्रेस्ट सेलर्स में काम कर रहे थे. पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब नौ बजे एक हथियारबंद व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और कर्मचारियों से नकदी मांगी.

पैसे देने के बाद भी बदमाश ने की गोलीबारी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हथियार दिखाकर दुकान में मौजूद लोगों से पैसे लिए. इसके बाद उसने कई राउंड फायरिंग की. एक गोली सुरेश पटेल को लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी नकदी लेकर सफेद रंग की सेडान कार से फरार हो गया. वारदात के समय पटेल की बेटी भी उनके पास खड़ी थी. गोलीबारी के बावजूद वह सुरक्षित रही. दुकान में मौजूद एक 70 वर्षीय कर्मचारी घायल हो गया. बताया गया है कि गोली चलने के दौरान गिरने से उसकी कलाई में फ्रैक्चर हो गया.

मास्क से ढका था हमलावर का चेहरा

जांच में सामने आया है कि आरोपी अश्वेत पुरुष था. उसने ग्रे हुडी, जींस और काले रंग के कामकाजी जूते पहन रखे थे. उसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरा पेंटबॉल खेलने के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले मास्क से ढका हुआ था. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

जांच एजेंसियां इलाके के सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित सुरागों की मदद से हमलावर तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं. पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी ऐसी कोई जानकारी साझा करने की अपील की है, जिससे आरोपी की पहचान या उसकी सफेद सेडान कार का पता लगाने में मदद मिल सके. जानकारी के अनुसार, सुरेश पटेल गुजरात के मेहसाणा जिले की कड़ी तहसील के अखज गांव के रहने वाले थे.

Latest News

अल-मंदेब से सुरक्षित निकला भारत का तेल टैंकर, हूती विद्रोहियों के खिलाफ इंडियन नेवी ने संभाला था मोर्चा

New Delhi: हूती विद्रोह‍ियों और समुद्री लुटेरों की वजह से लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ने वाला...

More Articles Like This

Exit mobile version