West Bengal Elections Result: पश्चिम बंगाल की सभी 293 सीटों पर मतगणना जारी है. वोटिंग के बीच शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं. सभी नेता अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं. इसी बीच खड़दह विधानसभा क्षेत्र के सरदा पल्ली इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, दमदम-बैरकपुर संगठनात्मक जिले के युवा तृणमूल कांग्रेस के सचिव संतु दास के घर के बाहर एक धमकी भरा पोस्टर मिला है, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि पोस्टर के साथ एक कफन भी रखा हुआ मिला.
आपके दिन खत्म हो जाएंगे West Bengal Elections Result
तृणमूल कांग्रेस के सचिव के घर के बाहर एक धमकी भरा पोस्टर मिला, जिसमें लिखा था, ‘तृणमूल नेतृत्व में कल (यानी आज) आपके दिन खत्म हो जाएंगे.’ इसके साथ ही एक कफन भी रखा हुआ था. इस घटना की सूचना मिलते ही तृणमूल के कार्यकर्ता संतु दास के घर पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की. पोस्टर मिलने के बाद संतु दास ने कहा कि ये सब उन्हें डराने के लिए किया जा रहा. लेकिन इस धमकी से टीएमसी के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं.
ये भी पढ़ें- ‘पीएम मोदी के नेतृत्व में बंगाल में होगा नया सूर्योदय’, BJP नेताओं ने किया चुनाव में बड़ी जीत का दावा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आज होंगे घोषित
आज 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आने वाले हैं. राज्य में दो चरणों का चुनाव 29 अप्रैल को खत्म हुआ था, जिसमें आजादी के बाद से अब तक का सबसे अधिक 92.47 प्रतिशत मतदान हुआ. दक्षिण 24 परगना जिले के एक निर्वाचन क्षेत्र फाल्टा में ‘गंभीर चुनावी अनियमितताओं’ के कारण चुनाव रद्द कर दिया गया और वहां 21 मई को दोबारा चुनाव कराया जाएगा.

