Mumbai: टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी ने खुलासा किया है कि शादी के रिश्ते में लगी पाबंदियों और मानसिक तनाव में रहना उनके लिए बेहद घुटन भरा हो गया था. मगर एक दिन जब काम्या पंजाबी की बेटी आरा ने उनके बीच का झगड़ा देख लिया, तो वही लम्हा काम्या के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ और उन्होंने इस रिश्ते से बाहर निकलने का बड़ा फैसला लिया. बता दें कि काम्या अपनी बेबाकी के लिए मशहूर हैं. उन्होंने कभी भी अपनी निजी जिंदगी को फैंस से नहीं छुपाकर नहीं रखा.
पहली शादी के दर्दनाक दौर को लेकर खुलकर की बात
अब काम्या ने एक इंटरव्यू में अपनी पहली शादी के दर्दनाक दौर को लेकर खुलकर बात की और बताया कि कैसे उन्हें घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ा था. सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में काम्या ने बंटी नेगी के साथ अपनी पहली शादी के दिनों को याद किया. काम्या पंजाबी की पहली शादी बिजनेसमैन बंटी नेगी से हुई थी, जिनसे उनकी एक बेटी आरा है. हालांकि, लगभग 13 साल तक चले इस रिश्ते के बाद दोनों ने हमेशा के लिए एक-दूसरे से अलग होने का फैसला कर लिया था.
जिंदगी में दोबारा प्यार की एंट्री
इसके बाद साल 2020 में काम्या की जिंदगी में दोबारा प्यार की एंट्री हुई और उन्होंने शलभ डांग के साथ शादी रचाकर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की. उन्होंने बताया कि जब उनकी शादी हुई थी, तब वह महज 25 साल की थीं. शादी से पहले दोनों तीन साल तक रिलेशनशिप में थे. हालांकि, काम्या के मुताबिक, उनका रिश्ता कभी आसान नहीं रहा. शादी से पहले ही उनके बीच आए दिन अनबन और बहस होना आम बात हो गई थी. काम्या ने बताया कि हमारे बीच शुरुआत से ही चीजें ठीक नहीं थीं. शादी से पहले भी हमारे झगड़े होते थे.
हम एक-दूसरे के लिए नहीं बने
बात इस हद तक पहुंच चुकी थी कि हमें वहीं रुक जाना चाहिए था और यह समझ लेना चाहिए था कि हम एक-दूसरे के लिए नहीं बने हैं. लेकिन पहला प्यार ऐसा ही होता है, इंसान को लगता है कि बस यही सब कुछ है. मेरे माता-पिता ने भी मुझे समझाया था कि यह रिश्ता सही नहीं है और हम एक-दूसरे के लिए सही पार्टनर नहीं हैं, लेकिन उस वक्त मैंने किसी की बात नहीं सुनी.
रिश्ता बचाने की हर मुमकिन कोशिश
शादी को लंबे समय तक खींचने की वजह बताते हुए काम्या ने कहा कि वह रिश्ता बचाने की हर मुमकिन कोशिश करना चाहती थीं, ताकि जब वह अलग होने का फैसला लें तो उनके मन में कोई मलाल न रहे. उन्होंने कहा कि लोग अक्सर मुझसे कहते हैं कि तुमने अपनी जिंदगी के 13 साल बर्बाद कर दिए. लेकिन मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की. मैंने उस रिश्ते को अपना सब कुछ दिया, ताकि बाद में कभी खुद से यह शिकायत न रहे कि मैंने प्रयास नहीं किया.
मैंने घरेलू हिंसा झेली
काम्या ने पहली शादी में घरेलू हिंसा को लेकर भी दर्द बयां किया, जिससे वह गुजरी थीं. काम्या ने कहा कि मैंने घरेलू हिंसा झेली है. एक दौर ऐसा भी था जब बाहर निकलने से पहले मुझे चेहरे के निशानों को छुपाने के लिए मेकअप करना पड़ता था. मुझे आज भी याद है, एक बार जब मैं अवार्ड लेने जा रही थी तो मुझे खुद पर शर्म आ रही थी. मैंने सोचा कि मैं कौन हूं और यह क्या कर रही हूं? घर पर मैं मार खा रही हूं और बाहर जाकर अवॉर्ड ले रही हूं. आखिर क्यों? मैं कैसी जिंदगी जी रही थी और किसे क्या साबित करने में लगी थी?’
कमरे में बंद कर घंटों रोती थीं
काम्या ने उन खौफनाक दिनों को याद करते हुए बताया कि कई बार वह खुद को कमरे में बंद करके घंटों रोती रहती थीं और कभी-कभी पूरी रात बाथरूम में ही कट जाती थी. उन्होंने एक कॉमेडी शो के रिहर्सल का जिक्र करते हुए बताया कि वह चेहरे के निशानों को छुपाने के लिए भारी-भरकम मेकअप लगाकर सेट पर जाती थीं. उस वक्त आसपास के लोगों को अंदाजा भी नहीं होता था कि वह किस दर्द से गुजर रही हैं. वह अक्सर अपनी वैनिटी वैन में फूट-फूटकर रोती थीं, लेकिन बाहर आते ही सब कुछ सामान्य होने का नाटक करती थीं.
इसे भी पढ़ें. पंजाब पुलिस ने छह लोगों को दबोचा, 8 पिस्टल और हेरोइन बरामद, पाक से हो रही थी तस्करी