KBC 18: 3 फीट 4 इंच के डॉक्टर की कहानी सुन भावुक हुए अमिताभ बच्चन, पिता ने ठुकराया था 5 लाख का ऑफर

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

KBC 18 Dr Ganesh Bareya: अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ (KBC 18) के मंच पर इन दिनों ऐसी कहानियां सामने आ रही हैं, जो दर्शकों को भावुक करने के साथ-साथ जिंदगी में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दे रही हैं. हाल ही में गुजरात के रहने वाले डॉ. गणेश बरैया KBC की हॉट सीट पर पहुंचे. गणेश को दुनिया का सबसे छोटा डॉक्टर कहा जाता है. उनकी जिंदगी की कहानी संघर्ष, हौसले और कभी हार न मानने की मिसाल है. गणेश की कहानी सुनकर महानायक अमिताभ बच्चन भी भावुक हो गए.

सर्कस के लिए 5 लाख रुपये का मिला था ऑफर

गुजरात के भावनगर जिले के गोरखी गांव के रहने वाले गणेश बरैया की लंबाई महज 3 फीट 4 इंच है. वह बौनेपन के साथ लोकोमोटर डिसेबिलिटी यानी चलने-फिरने में अक्षमता की समस्या से भी जूझते हैं. उनके शरीर का करीब 72 फीसदी हिस्सा इससे प्रभावित है. KBC के मंच पर गणेश ने अपने बचपन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसे सुनकर हर कोई भावुक हो गया. उन्होंने बताया कि जब वह प्राइमरी स्कूल में पढ़ते थे, तब कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे. इन लोगों ने उनके पिता के सामने गणेश को सर्कस के लिए सौंपने के बदले 5 लाख रुपये देने की पेशकश की थी.

हालांकि, गणेश के पिता ने पैसों के इस ऑफर को ठुकरा दिया. उन्होंने अपने बेटे को सर्कस में भेजने के बजाय उसकी पढ़ाई जारी रखने का फैसला किया. समय के साथ उनका यह फैसला सही साबित हुआ और गणेश ने अपनी मेहनत से वह मुकाम हासिल किया, जिसकी शायद उस वक्त किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी.

डॉक्टर बनने के लिए कोर्ट तक पहुंची लड़ाई

महज 3 फीट 4 इंच की लंबाई और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद गणेश ने कभी इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. उन्होंने 12वीं की परीक्षा में 87 फीसदी अंक हासिल किए. इसके बाद NEET में ऑल इंडिया रैंक 233 हासिल कर अपनी काबिलियत साबित की. लेकिन डॉक्टर बनने की राह इतनी आसान नहीं थी. विकलांगता के आधार पर उन्हें MBBS में एडमिशन देने से इनकार कर दिया गया.

इसके बाद उनके स्कूल के प्रिंसिपल दलपत कटारिया उनके साथ मजबूती से खड़े हुए. उन्होंने इस फैसले को कोर्ट में चुनौती दी और दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत कानूनी लड़ाई लड़ी. आखिरकार कोर्ट का फैसला गणेश के पक्ष में आया और उनके MBBS में दाखिले का रास्ता साफ हुआ. इस तरह गणेश ने अपनी शारीरिक चुनौतियों के बावजूद डॉक्टर बनने का सपना पूरा किया.

KBC में 25 हजार रुपये जीतकर हुए बाहर

KBC 18 में गणेश बरैया ने ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ राउंड जीतकर हॉट सीट पर अपनी जगह बनाई. इसके बाद उन्होंने शानदार तरीके से खेल को आगे बढ़ाया. हालांकि 3 लाख रुपये के सवाल तक पहुंचते-पहुंचते उनकी सभी लाइफलाइन खत्म हो चुकी थीं. गणेश को जब इस सवाल का सही जवाब पता नहीं था, तो वह आगे नहीं बढ़ सके. KBC के नियमों के मुताबिक उन्हें 25,000 रुपये की इनामी राशि के साथ खेल से विदा होना पड़ा.

हालांकि गणेश भले ही KBC से बड़ी रकम नहीं जीत सके, लेकिन उनकी कहानी, हिम्मत और चेहरे की मुस्कान ने वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ करोड़ों दर्शकों का दिल जीत लिया. आज गणेश गुजरात के भावनगर स्थित एक अस्पताल के बच्चों के विभाग में मरीजों की सेवा कर रहे हैं.

यह भी पढ़े: Weather Update: 14 अगस्त को 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 80 KM तक चलेंगी तेज हवाएं, जानें अपने शहर का हाल

Latest News

सिर्फ पेट भरना ही काफी नहीं.. बच्चे की डाइट में शामिल करें ये चीजें, ब्रेन डेवलपमेंट में मिलेगी मदद

Baby Brain Development: बच्चों की सेहत और विकास को लेकर हर माता-पिता काफी चिंता में रहते हैं. जब बच्चा...

More Articles Like This

Exit mobile version