Faridabad: बॉलीवुड रैपर-सिंगर बादशाह हरियाणवी फोक सॉन्ग ‘टटीरी’ को लेकर विवाद में फंस गए हैं. अब गाने के बोलों को लेकर आपत्ति जताते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने बादशाह को समन जारी किया है. बादशाह को आयोग के सामने अपनी सफाई देनी होगी. बता दें कि पानीपत की समाजसेविका सविता आर्य ने आपत्ति हुए बाल संरक्षण और महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी.
शिक्षा मंत्री से भी बात करेंगी सविता
सविता ने कहा कि बादशाह ‘घोड़ी बनाऊंगा’ वाले शब्दों का मतलब स्पष्ट करें. समाजसेविका ने कहा कि इस बारे में शिक्षा मंत्री से भी बात करेंगी. वहीं हरियाणा की स्कूली छात्राओं को गाने में दर्शाया गया है. गाने में हरियाणा के स्कूल की ड्रेस में लड़कियां डांस करती दिखी. हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनु भाटिया ने बताया कि गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों को लेकर लोगों की शिकायतें मिली हैं, जिनकी सुनवाई के लिए बादशाह को आयोग के सामने बुलाया गया है.
हरियाणा की बेटियों के सम्मान के खिलाफ
यह शिकायत पानीपत की नारी तू नारायण उत्थान समिति की अध्यक्ष सविता आर्य और शिव आरती इंडियन फाउंडेशन के निदेशक शिवकुमार द्वारा दी गई है. शिकायत में कहा गया है कि हरियाणवी संस्कृति पर आधारित इस गीत में कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है जो महिलाओं और हरियाणा की बेटियों के सम्मान के खिलाफ हैं.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
रेनू भाटिया ने कहा कि पिछले दो दिनों से इस गाने के बोल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और कई लोगों ने फोन कर आयोग से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है. शिकायत मिलने के बाद आयोग ने गाने के वीडियो को देखा और सुना, जिसमें कुछ शब्द आपत्तिजनक लगे. उन्होंने कहा कि इस तरह के गाने हरियाणा की संस्कृति और बेटियों की छवि को खराब करते हैं. इसलिए बादशाह को आयोग में आकर यह बताना होगा कि गाने में इस्तेमाल किए गए शब्दों का क्या अर्थ है और उन्होंने ऐसे शब्दों का प्रयोग क्यों किया? आयोग ने उनसे हरियाणा की बेटियों और जनता से माफी मांगने के लिए भी कहा है.
इसे भी पढ़ें. Middle East Tension: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव पर बोले राजनाथ सिंह- ‘अभी असामान्य हैं हालात…’