पद्म श्री विजेता एक्ट्रेस जानकी की हालत गंभीर, ICU में चल रहा इलाज, प्रशंसक स्वस्थ होने की मांग रहे दुआएं

New Delhi: साउथ इंडस्ट्री की प्रतिष्ठित अभिनेत्री और पद्म श्री सम्मान से अलंकृत सौकार जानकी को अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण चेन्नई के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है. 94 वर्षीय अभिनेत्री की स्थिति को देखते हुए उन्हें डॉक्टरों की देखरेख में गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है. उन्हें बड़े पर्दे पर आखिरी बार साल 2023 की तेलुगु फिल्म ‘अन्नी मंची शकुनामुले’ में देखा गया था, जिसमें उन्होंने दादी की भूमिका निभाई थी.

मनोरंजन जगत और प्रशंसकों में चिंता

सौकार जानकी की सेहत से जुड़ी इस खबर के सामने आते ही मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई है. सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं. 12 दिसंबर 1931 को एक कन्नड़ परिवार में जन्मीं सौकार जानकी को दक्षिण भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित और आदरणीय शख्सियतों में गिना जाता है. उन्होंने अपने कई दशकों लंबे करियर में अभिनय कला का बेहतरीन उदाहरण पेश किया.

450 से अधिक फिल्मों में अपनी अदाकारी का दिखाया हुनर 

उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में काम करते हुए 450 से अधिक फिल्मों में अपनी अदाकारी का हुनर दिखाया है. इसके अलावा उन्होंने 300 से अधिक मंच नाटकों में भी भाग लिया, जो उनके कला के प्रति समर्पण को दर्शाता है. सौकार जानकी ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत एलवी प्रसाद के निर्देशन में बनी तेलुगु फिल्म ‘शावुकारु’ से की थी. इस फिल्म की अपार सफलता के बाद ही उन्हें ‘सौकार’ नाम मिला, जो हमेशा के लिए उनके नाम के साथ जुड़ गया.

तमिल फिल्म उद्योग में रखा कदम 

इसके बाद उन्होंने 1952 में ‘वलैयापति’ के जरिए तमिल फिल्म उद्योग में कदम रखा. साल 1959 में आई फिल्म ‘महिषासुर मर्दिनी’ उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई. दिग्गज अभिनेता डॉ राजकुमार के साथ बनी इस कन्नड़ फिल्म को कन्नड़ भाषा की पहली पैन-इंडिया फिल्म माना जाता है. उन्होंने ‘इरु कोडुगल’, ‘थिरुनीलकंठार’, ‘बाटासारी’ और ‘पुधिया परवई’ जैसी कई यादगार फिल्मों में बेहतरीन अभिनय किया.

‘पद्म श्री’ से किया विभूषित 

कला और सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सौकार जानकी को कई बड़े सम्मानों से नवाजा गया है. उन्हें प्रतिष्ठित ‘नंदी पुरस्कार’ और ‘कलैमणि’ सम्मान से सम्मानित किया गया. इसके अतिरिक्त, भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान को स्वीकारते हुए भारत सरकार ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पद्म श्री’ से विभूषित किया. हाल के वर्षों में भी वे अभिनय जगत में सक्रिय रहीं. फिलहाल पूरा सिनेमा जगत और उनके प्रशंसक उनके जल्द से जल्द ठीक होने की उम्मीद लगाए हुए हैं.

इसे भी पढ़ें. बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई प्लेइंग-11 का ऐलान, 3 साल बाद मैट रेनशॉ की हुई वापसी

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version