Gram Benefits: प्रोटीन का सस्ता और ताकतवर स्रोत है चना, जानिए कैसे खाने से मिलेंगे ज्यादा फायदे

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

आजकल फिट रहने और शरीर को मजबूत बनाने के लिए लोग महंगे प्रोटीन सप्लीमेंट और पाउडर पर हजारों रुपये खर्च कर रहे हैं. लेकिन हमारे घर की रसोई में मौजूद चना प्रोटीन का ऐसा प्राकृतिक स्रोत है, जो शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व देने के साथ सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है.

पोषण विशेषज्ञों के अनुसार चना प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई जरूरी विटामिन से भरपूर होता है. आयुर्वेद में भी इसे औषधि के समान बताया गया है, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ कई बीमारियों से बचाने में मदद करता है. हालांकि चना किस तरीके से खाना ज्यादा फायदेमंद होता है, इसे लेकर अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है.

भुना चना: वजन कम करने में मददगार

अगर आप वजन कम करना चाहते हैं या बार-बार भूख लगने की समस्या से परेशान रहते हैं, तो भुना हुआ चना एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इसमें कैलोरी कम और फाइबर ज्यादा होता है, जिससे इसे खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है. विशेषज्ञों के अनुसार भुना चना कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में मदद करता है और डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. इसे सुबह के नाश्ते या दिन में हल्के स्नैक के रूप में खाया जा सकता है.

भीगा या उबला चना: ऊर्जा और ताकत के लिए फायदेमंद

कई घरों में काले चने को रातभर भिगोकर सुबह उबालकर खाया जाता है. यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए अच्छा माना जाता है जो शारीरिक मेहनत करते हैं या जिम जाते हैं. उबला हुआ चना शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ मसल्स बनाने में भी मदद करता है. आयुर्वेद के अनुसार चने की तासीर थोड़ी रूखी होती है, इसलिए अगर इसे हल्के देसी घी में छौंक लगाकर खाया जाए तो यह पाचन के लिए भी बेहतर हो जाता है.

सत्तू: गर्मियों में सेहत के लिए फायदेमंद

गर्मियों के मौसम में चने से बना सत्तू काफी लाभदायक माना जाता है. भुने हुए चने को पीसकर तैयार किया गया सत्तू शरीर को ठंडक देने के साथ ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है. सत्तू का शरबत पीने से शरीर की थकान दूर होती है, पाचन तंत्र मजबूत होता है और लू से बचाव में भी मदद मिलती है.

किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी

आयुर्वेद के अनुसार चने की तासीर थोड़ी भारी और रूखी होती है. ऐसे में जिन लोगों को गैस, एसिडिटी या जोड़ों के दर्द की समस्या रहती है, उन्हें चने का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए.

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि चने को हमेशा अच्छी तरह चबाकर खाएं और पाचन बेहतर बनाने के लिए इसमें अदरक, हींग या जीरे का उपयोग करना फायदेमंद होता है.

सेहत के लिहाज से देखा जाए तो चना एक सस्ता, पौष्टिक और आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थ है, जिसे सही तरीके से खाने पर शरीर को कई फायदे मिल सकते हैं.

यह भी पढ़े: हड्डियों की मजबूती के लिए रामबाण है ये पत्तियां, सेहत को मिलते हैं ये फायदे

Latest News

IndiGo–Adani Partnership: ड्यूटी-फ्री शॉपिंग पर अब मिलेंगे ब्लूचिप पॉइंट्स, इंडिगो और अदाणी एयरपोर्ट की नई साझेदारी

इंडिगो और अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने नई साझेदारी की घोषणा की है. अब अदाणी एयरपोर्ट्स पर ड्यूटी-फ्री शॉपिंग करने पर इंडिगो ब्लूचिप मेंबर्स को रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलेंगे.

More Articles Like This

Exit mobile version