Hair Fall Home Remedies: बाल झड़ने से परेशान हैं तो बनाएं ये आयुर्वेदिक हेयर लड्डू, जानें आसान रेसिपी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Hair Fall Home Remedies: सुंदर, लंबे और घने बाल हर किसी को पसंद होते हैं, लेकिन आज के समय में हेयर फॉल की समस्या काफी आम हो गई है. तनाव, खानपान में गड़बड़ी और प्रदूषण जैसी वजहों से कई लोग बालों के झड़ने से परेशान रहते हैं. ऐसे में महंगे हेयर प्रोडक्ट्स के अलावा लोग घरेलू और आयुर्वेदिक नुस्खों की ओर भी रुख कर रहे हैं. इन दिनों सोशल मीडिया पर आंवला, अश्वगंधा, भृंगराज, ब्राह्मी और मोरिंगा जैसी चीजों से तैयार किए जाने वाले होममेड ‘हेयर लड्डू’ चर्चा में हैं. दावा किया जाता है कि इन प्राकृतिक सामग्री से तैयार मिश्रण बालों को अंदर से पोषण देने और उन्हें मजबूत बनाने में मदद कर सकता है. हालांकि, गंभीर हेयर फॉल की स्थिति में केवल घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.

बालों के पोषण के लिए बनाए जाते हैं आयुर्वेदिक हेयर लड्डू

इस देसी नुस्खे में कई तरह की जड़ी-बूटियों और बीजों का इस्तेमाल किया जाता है. आंवला, भृंगराज, मोरिंगा, ब्राह्मी और काले तिल इसके प्रमुख ingredients हैं. इन्हें देसी घी के साथ मिलाकर छोटी-छोटी गोलियां तैयार की जाती हैं. बताया जाता है कि इन सामग्री में मौजूद पोषक तत्व बालों और शरीर के लिए उपयोगी हो सकते हैं. हालांकि, हेयर फॉल को रोकने या बालों की ग्रोथ बढ़ाने में इस मिश्रण की प्रभावशीलता हर व्यक्ति में अलग हो सकती है. बालों की स्थिति पर जेनेटिक्स, डाइट और हार्मोन जैसे कई दूसरे कारकों का भी असर पड़ता है.

हेयर लड्डू बनाने की आसान रेसिपी

इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बर्तन लें. इसमें 1 चम्मच आंवला पाउडर, 1 चम्मच अश्वगंधा, 1.5 चम्मच भृंगराज, 1 चम्मच ब्राह्मी, 1 चम्मच मेथी पाउडर, 1 चम्मच मोरिंगा पाउडर और 1 चम्मच काले तिल डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस मिश्रण में 1.5 चम्मच देसी घी डालें. इसके बाद जरूरत के अनुसार 5 से 6 चम्मच गुनगुना पानी धीरे-धीरे मिलाते हुए नरम आटा तैयार करें. तैयार मिश्रण की करीब 5-5 ग्राम की छोटी-छोटी गोलियां बना लें.

कैसे करें इसका सेवन?

तैयार गोलियों को साफ कांच के बर्तन में रखा जा सकता है. दिए गए नुस्खे के अनुसार इन्हें करीब 10 दिनों तक रखा जा सकता है. रोज सुबह खाली पेट गुनगुने पानी के साथ 1 गोली लेने की सलाह दी जाती है. हालांकि, किसी भी घरेलू या आयुर्वेदिक मिश्रण का सेवन शुरू करने से पहले अपनी स्वास्थ्य स्थिति और इस्तेमाल की जा रही सामग्री को ध्यान में रखना जरूरी है. खासकर अगर पहले से कोई स्वास्थ्य समस्या है या कोई दवा चल रही है, तो विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर है.

हेयर फॉल ज्यादा है तो डॉक्टर से लें सलाह

बालों का झड़ना हमेशा केवल खानपान या तनाव की वजह से नहीं होता. हार्मोन, जेनेटिक्स और शरीर में पोषक तत्वों की कमी समेत कई कारण इसके पीछे हो सकते हैं. इसलिए अगर बाल लगातार या बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, तो कारण की पहचान करना जरूरी है. 7 साल से बड़े बच्चों को भी इस तरह का मिश्रण देने से पहले डॉक्टर की सलाह लेने की बात कही गई है. इसी तरह किसी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में भी बिना विशेषज्ञ की सलाह के इसका सेवन नहीं करना चाहिए.

यह भी पढ़े: Dhanurasana: धनुरासन करते समय इन 5 गलतियों से रहें सावधान, वरना फायदे की जगह हो सकता है नुकसान

More Articles Like This

Exit mobile version