Raw Food vs Cooked Food: हेल्दी रहने के लिए ज्यादातर लोग अपनी डाइट में फल और सब्जियों को शामिल करते हैं. कई लोगों का मानना होता है कि कच्ची सब्जियां खाने से शरीर को ज्यादा पोषण मिलता है, इसलिए वे सलाद और कच्ची सब्जियों को अपनी रोजमर्रा की थाली का हिस्सा बनाते हैं. हालांकि हर खाद्य पदार्थ के साथ यह नियम लागू नहीं होता. कुछ ऐसी सब्जियां और खाद्य पदार्थ भी हैं, जिनके पोषक तत्व शरीर को तब ज्यादा लाभ पहुंचाते हैं जब उन्हें उबालकर या हल्का पकाकर खाया जाए.
दरअसल, कुछ फूड्स में ऐसे तत्व मौजूद होते हैं जो कच्चे रूप में शरीर द्वारा पूरी तरह अवशोषित नहीं हो पाते. वहीं उबालने या पकाने के बाद उनके पोषक तत्व शरीर के लिए अधिक उपलब्ध हो जाते हैं. यही वजह है कि कई बार खाने का तरीका भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है जितना कि खुद भोजन. आइए जानते हैं उन 5 चीजों के बारे में जिन्हें उबालकर खाने से शरीर को ज्यादा लाभ मिल सकता है.
टमाटर
टमाटर भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है. इसे सलाद, सूप, सब्जी और कई अन्य व्यंजनों में इस्तेमाल किया जाता है. टमाटर में कैरोटीनॉयड लाइकोपीन नामक पोषक तत्व पाया जाता है, जिसे दिल और हड्डियों की सेहत के लिए अच्छा माना जाता है. कुछ जगहों पर इसे कैंसर के जोखिम को कम करने से भी जोड़कर देखा गया है. एक स्टडी में पाया गया कि लाइकोपीन को शरीर में बेहतर तरीके से अवशोषित करने के लिए टमाटर को पकाकर खाना अधिक फायदेमंद हो सकता है.
गाजर
गाजर को आमतौर पर सलाद, जूस और सब्जी के रूप में खाया जाता है. इसमें भी टमाटर की तरह कैरोटीनॉयड पाया जाता है, जो एक प्राकृतिक प्लांट पिगमेंट है. यही पिगमेंट गाजर को उसका नारंगी रंग देता है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर के लिए लाभकारी माने जाते हैं. गाजर को उबालकर खाने से इन एंटीऑक्सीडेंट्स का फायदा शरीर को बेहतर तरीके से मिल सकता है.
मटर
सर्दियों से लेकर कई तरह के व्यंजनों में इस्तेमाल होने वाली मटर पोषक तत्वों से भरपूर मानी जाती है. यह स्टार्च वाली सब्जियों के साथ-साथ लेग्यूम्स की श्रेणी में भी शामिल है. मटर में फोलेट और कई आवश्यक विटामिन्स पाए जाते हैं. यदि मटर को उबालकर खाया जाए तो इसमें मौजूद एंटी-पोषक तत्व कम हो जाते हैं, जिससे शरीर आयरन, जिंक और कैल्शियम जैसे अन्य पोषक तत्वों को अधिक प्रभावी तरीके से अवशोषित कर सकता है.
पालक
पालक को सुपरफूड की श्रेणी में रखा जाता है. इसमें आयरन के अलावा कैल्शियम, मैग्नीशियम और जिंक जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं. पालक को उबालने के बाद इसके पोषक तत्व शरीर में अधिक आसानी से अवशोषित हो सकते हैं. इसके पीछे वजह पालक में पाया जाने वाला ऑक्सालिक एसिड है. यही कारण है कि कई लोग पालक को हल्का उबालकर या पकाकर खाने की सलाह देते हैं.
मशरूम
मशरूम का सेवन पिछले कुछ वर्षों में काफी बढ़ा है. यह स्वाद के साथ-साथ पोषण के लिए भी जाना जाता है. मशरूम में एर्गोथियोनीन नामक एंटीऑक्सीडेंट अच्छी मात्रा में पाया जाता है. यह तत्व मशरूम को उबालने या पकाने के बाद अधिक प्रभावी रूप में उपलब्ध हो सकता है. इसके अलावा उबालने की प्रक्रिया एंटीऑक्सीडेंट्स को सक्रिय करने में मदद करती है, जो फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान को कम करने में भूमिका निभाते हैं.
यह भी पढ़े: Nimbu Masala Sharbat: गर्मी में लू से बचाएगा यह देसी ड्रिंक, 5 मिनट में तैयार करें नींबू मसाला शरबत