Hemoglobin Report: हीमोग्लोबिन यानी Hb की रिपोर्ट में दर्ज एक संख्या भले ही सामान्य लगे, लेकिन यह शरीर की सेहत से जुड़ा अहम संकेत देती है. हीमोग्लोबिन लाल रक्त कोशिकाओं में मौजूद एक प्रोटीन है, जो शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है. जब शरीर में इसका स्तर सामान्य से कम हो जाता है, तो ऐसी स्थिति को एनीमिया कहा जाता है. एनीमिया होने पर थकान, कमजोरी, चक्कर आना, सांस फूलना, सिरदर्द और थोड़ी मेहनत के बाद ही थक जाने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
ऐसे में Hb रिपोर्ट को समझना और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि एनीमिया का स्तर हर उम्र और वर्ग में एक जैसा नहीं होता. बच्चों, महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और पुरुषों के लिए हीमोग्लोबिन की अलग-अलग सीमाएं निर्धारित हैं.
6 से 59 महीने के बच्चे
6 से 59 महीने के बच्चों में Hb का स्तर 10 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर होने पर हल्का एनीमिया माना जाता है. 7 से 9.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम एनीमिया और 7 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया का संकेत होता है.
5 से 11 वर्ष के बच्चे
इस उम्र के बच्चों में 11 से 11.4 ग्राम/डेसीलीटर Hb हल्के एनीमिया की श्रेणी में आता है. 8 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम और 8 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया का संकेत माना जाता है.
12 से 14 वर्ष के बच्चे
12 से 14 वर्ष की उम्र में 11 से 11.9 ग्राम/डेसीलीटर Hb हल्के एनीमिया का संकेत है. वहीं 8 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम और 8 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया की श्रेणी में आता है.
15 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं
15 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं में Hb का स्तर 11 से 11.9 ग्राम/डेसीलीटर होने पर हल्का एनीमिया माना जाता है. 8 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम और 8 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया का संकेत हो सकता है.
गर्भवती महिलाओं के लिए अलग सीमा
गर्भावस्था के दौरान Hb की सीमा अलग होती है. 10 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर हल्का एनीमिया, 7 से 9.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम एनीमिया और 7 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया की श्रेणी में आता है.
15 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पुरुष
15 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पुरुषों में 11 से 12.9 ग्राम/डेसीलीटर Hb हल्के एनीमिया का संकेत माना जाता है. 8 से 10.9 ग्राम/डेसीलीटर मध्यम और 8 ग्राम/डेसीलीटर से कम गंभीर एनीमिया की श्रेणी में आता है.
Hb कम आए तो खुद से दवा न लें
सिर्फ Hb की संख्या देखकर खुद से दवा शुरू करना सही नहीं है. एनीमिया के पीछे आयरन की कमी, विटामिन की कमी, रक्तस्राव, संक्रमण या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी वजह हो सकती हैं. इसलिए Hb रिपोर्ट में स्तर कम आने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. संतुलित आहार में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, फलियां और आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल किए जा सकते हैं. इसके अलावा किसी भी तरह का सप्लीमेंट डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही लेना चाहिए.
यह भी पढ़े: Make in India के 12 साल: PM मोदी बोले- हर सेक्टर में दिख रहा बदलाव