Snake Bite Alert: मानसून में बढ़ा सांपों का खतरा, सर्पदंश के बाद पहला घंटा सबसे अहम, जानें क्या करें

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Snake Bite Alert: मानसून के साथ ही देश के कई हिस्सों में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. घरों, खेतों, बगीचों और यहां तक कि सड़कों पर भी सांप दिखाई देने लगते हैं. इसी बीच कई जगहों से सर्पदंश की खबरें भी सामने आ रही हैं. ऐसे समय में लोगों को जागरूक करने के लिए उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने सर्पदंश को लेकर एडवाइजरी जारी की है. इसमें खास तौर पर बताया गया है कि सांप के काटने के बाद शुरुआती एक घंटा बेहद महत्वपूर्ण होता है और लक्षण दिखते ही बिना देरी अस्पताल पहुंचना चाहिए.

सर्पदंश के बाद पहला घंटा क्यों जरूरी?

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि सर्पदंश एक आपातकालीन स्थिति है और इसमें शुरुआती एक घंटा बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. एडवाइजरी के मुताबिक, सांप के काटने के बाद किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल जाना चाहिए और चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए. समय पर इलाज को ही सर्पदंश की स्थिति में सुरक्षा की सबसे अहम कड़ी बताया गया है.

सांप के काटने पर ये लक्षण दिख सकते हैं

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने सर्पदंश के कुछ प्रमुख लक्षण भी बताए हैं. इनमें शामिल हैं:

  • काटने की जगह पर दो छिद्र जैसे निशान.
  • घाव से खून बहना या किसी तरह का रिसाव.
  • सांस लेने में परेशानी.
  • त्वचा के रंग में बदलाव.
  • आवाज में बदलाव या आवाज का भारी होना.
  • काटे गए स्थान पर सूजन, जलन और तेज दर्द.

इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई देने पर समय गंवाए बिना चिकित्सा सहायता लेना जरूरी है.

पीड़ित को तुरंत कहां ले जाएं?

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अनुसार, सर्पदंश की स्थिति में पहले एक घंटे के भीतर इलाज बेहद महत्वपूर्ण है. ऐसे में पीड़ित को तुरंत नजदीकी सरकारी चिकित्सा केंद्र ले जाना चाहिए और समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करानी चाहिए.

WHO ने एंटीवेनम को बताया प्रभावी इलाज

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, सांप के जहर यानी वेनम के असर को रोकने या कम करने के लिए एंटीवेनम एक प्रभावी उपचार है. इसे WHO की जरूरी दवाओं की सूची में भी शामिल किया गया है. WHO के अनुसार, एंटीवेनम की उपलब्धता और लोगों तक उसकी पहुंच बढ़ाने के साथ समुदायों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच सर्पदंश से बचाव को लेकर जागरूकता बढ़ाना गंभीर परिणामों और मौतों को कम करने के सबसे प्रभावी तरीकों में से एक है.

सांप के काटने के बाद क्या करें?

WHO के मुताबिक, अगर किसी ऐसे सांप ने काटा है जिसके जहरीले होने का शक है, तो काटे गए हिस्से से घड़ी, कड़ा, अंगूठी या कोई भी कसकर पहनी हुई चीज तुरंत हटा देनी चाहिए. ऐसा इसलिए क्योंकि सूजन आने पर इन चीजों से नुकसान बढ़ सकता है. पीड़ित को शांत रखें और उसे ज्यादा हिलने-डुलने न दें.  WHO के अनुसार, ज्यादातर जहरीले सांपों के काटने से व्यक्ति की तुरंत मौत नहीं होती. इसलिए घबराने के बजाय पीड़ित को जल्द से जल्द नजदीकी हेल्थ सेंटर पहुंचाना जरूरी है. कुछ परिस्थितियों में काटे गए हिस्से पर प्रेशर पैड से दबाव देना उचित हो सकता है. हालांकि, पारंपरिक प्राथमिक उपचार के तरीकों या जड़ी-बूटियों से बनी दवाओं का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

अगर स्थानीय दर्द बहुत तेज हो तो पैरासिटामोल दी जा सकती है. उल्टी होने की स्थिति में व्यक्ति को बाईं करवट रिकवरी पोजिशन में लिटाना चाहिए. साथ ही उसकी सांस की नली और सांस लेने की प्रक्रिया पर लगातार नजर रखनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर CPR देने के लिए तैयार रहना चाहिए.

Latest News

14 October 2026 Ka Panchang: बुधवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

14 October 2026 Ka Panchang: 14 अक्टूबर 2026, बुधवार को आश्विन शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि है. आज शारदीय...

More Articles Like This

Exit mobile version