Aaj Ka Mausam 23 March 2026: मार्च के आखिर में मौसम का डबल अटैक, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Aaj Ka Mausam 23 March 2026: मौसम का मिजाज मार्च के आखिरी हफ्ते में भी स्थिर होने का नाम नहीं ले रहा है. जहां एक तरफ गर्मी दस्तक देने की तैयारी में है, वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के डबल असर ने देश के कई हिस्सों में मौसम को पूरी तरह बदल दिया है. आज यानी 23 मार्च को देश के करीब 15 राज्यों में कहीं बारिश, कहीं तेज हवाएं तो कहीं कड़क धूप लोगों को परेशान कर रही है.

दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश: धूप के बीच बारिश की दस्तक

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों जैसे नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में आज मौसम मिला-जुला रहने वाला है. सुबह हल्की धूप और बादलों की आवाजाही के बाद दोपहर के बाद मौसम अचानक बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और पश्चिम दिल्ली समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

तापमान की बात करें तो अधिकतम 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम 15 से 17 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. वहीं, उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मेरठ और आगरा जैसे शहरों में मौसम अस्थिर बना हुआ है. तराई और पूर्वांचल क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.

उत्तराखंड-हिमाचल: पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानों में तूफान

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले जिलों जैसे उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में आज फिर बारिश और बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है. आईएमडी ने मैदानी इलाकों के लिए आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. यहां 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश में भी ठंड का असर बना हुआ है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है.

बिहार: अचानक बढ़ी गर्मी, फिर लौटेगा तूफान

बिहार में मौसम ने तेजी से करवट ली है. पिछले 24 घंटों में कई जिलों में तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. फारबिसगंज में पारा 13 डिग्री से ज्यादा उछल गया, जबकि पटना, गया और भागलपुर में आज तेज धूप और गर्मी महसूस होगी. हालांकि राहत ज्यादा दिन नहीं मिलेगी. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 26 मार्च से फिर मौसम बिगड़ेगा और 27 से 29 मार्च के बीच पूरे राज्य में तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा रहेगा.

पंजाब-हरियाणा: किसानों की चिंता बढ़ी

पंजाब और हरियाणा में बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. गेहूं और सरसों की फसल कटाई के लिए तैयार है, ऐसे में आंधी और ओलावृष्टि का खतरा भारी नुकसान पहुंचा सकता है. विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि कटी हुई फसलों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए.

राजस्थान और दक्षिण भारत: अलग-अलग मौसम का असर

राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है. वहीं दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं जारी हैं, जबकि कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है. पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

⚠️ सावधानी जरूरी

मौसम के इस उतार-चढ़ाव के कारण वायरल बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. साथ ही, आंधी या बिजली कड़कने के दौरान खुले में या पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. सुरक्षित स्थानों पर ही रहें.

यह भी पढ़े: सोनीपत में हादसाः दुर्घटनाग्रस्त हुई हाई स्पीड कार, दो युवकों की मौत, तीन गंभीर

Latest News

पेशाब में खून दिखाई देना कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का संकेत! समय पर जांच कराना सबसे महत्वपूर्ण

Health Tips: पेशाब में खून दिखाई देना किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है. इसलिए समय रहते...

More Articles Like This

Exit mobile version