उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज; दिल्ली-नोएडा में झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को आखिरकार बड़ी राहत मिली है. पश्चिमी विक्षोभ और हरियाणा के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है. चिलचिलाती धूप की जगह अब घने बादलों ने आसमान पर कब्जा जमा लिया है और कई इलाकों में बारिश, तेज आंधी तथा वज्रपात का दौर शुरू हो गया है.

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

दिल्ली-NCR में सावन जैसा मौसम

राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया. आसमान में छाए घने काले बादलों और ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत का एहसास कराया. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों के दौरान तेज बारिश की संभावना जताई है. उत्तर, उत्तर-पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी दिल्ली के साथ-साथ गाजियाबाद, दादरी, लोनी, हिंडन और छपरौला में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश दर्ज की गई है. वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रात के समय इन हवाओं की गति बढ़कर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई दिया है. दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जिससे पूरे सप्ताह मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है.

यूपी में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज तेजी से बदला है. गुरुवार से शुरू हुआ आंधी और बारिश का दौर शुक्रवार को और अधिक प्रभावी हो गया. बीते दिन गोरखपुर में 75 मिलीमीटर, बलिया में 64 मिलीमीटर तथा बाराबंकी और संत कबीर नगर में 48 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, इटावा और औरैया समेत कई जिलों में आंधी और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, जालौन, झांसी और ललितपुर में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.

हालांकि बरेली और शाहजहांपुर जैसे इलाकों में तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है, लेकिन बुंदेलखंड के झांसी में अब भी 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गर्मी का असर बना हुआ है.

राजस्थान में भी बदला मौसम का रुख

राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने जयपुर, भरतपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र सहित 20 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बीते दिन श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर और कोटपूतली के कई इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है.

हालांकि जैसलमेर 46 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ अब भी राज्य का सबसे गर्म शहर बना हुआ है. जयपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर में उमस भरे मौसम के बाद अब धूल भरी आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के दौरान इन क्षेत्रों में तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है.

Latest News

UPI Payment Charges: दोस्त को ₹5,000 भेजने पर लगेगा चार्ज? P2P और P2M पेमेंट में समझें पूरा अंतर

UPI से दोस्त को 5,000 रुपये भेजने पर कोई अलग चार्ज लगता है या नहीं? जानिए P2P और P2M ट्रांजैक्शन में अंतर और Merchant Payment से जुड़े चार्ज का पूरा मामला.

More Articles Like This