Aaj Ka Mausam: देश में मौसम का बड़ा अलर्ट: दिल्ली में गर्मी का कहर, यूपी में तूफान की चेतावनी; जानें अपने शहर का हाल

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Aaj Ka Mausam: मई का महीना आधा बीत चुका है, लेकिन देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदलता दिखाई दे रहा है. कहीं भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, तो कहीं प्री-मानसून गतिविधियों ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है. देश के कई हिस्सों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं चल रही हैं, जबकि शाम होते ही धूलभरी आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं. IMD के अनुसार इस समय देश के 19 राज्यों में आंधी, तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं उत्तर और मध्य भारत के कई इलाकों में हीटवेव यानी लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम का यह बदला हुआ रूप लोगों के लिए राहत और परेशानी दोनों लेकर आया है.

दिल्ली-NCR में गर्मी और धूलभरी आंधी का डबल अटैक

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज का दिन काफी मुश्किल भरा रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.bदिन के समय आसमान साफ रहेगा और तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं. हालांकि शाम होते-होते मौसम करवट ले सकता है. आंशिक बादल छाने के साथ धूलभरी तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

उत्तर प्रदेश में लू और तूफानी हवाओं का खतरा

उत्तर प्रदेश में इस समय मौसम का सबसे खतरनाक रूप देखने को मिल रहा है. एक तरफ बुंदेलखंड का बांदा 44.8 डिग्री तापमान के साथ भट्टी की तरह तप रहा है, तो दूसरी तरफ कई जिलों में तेज आंधी और वज्रपात का खतरा बना हुआ है. लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बरेली, बदायूं, हरदोई और जालौन समेत कई जिलों में धूलभरी आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा प्रयागराज, झांसी, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, वाराणसी, जौनपुर, रायबरेली, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, हमीरपुर और महोबा जैसे जिलों में भीषण लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की अपील की है.

बिहार और झारखंड में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी

बिहार में भी मौसम का मिजाज काफी अस्थिर बना हुआ है. पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, कटिहार और बेगूसराय जैसे जिलों में तेज बारिश, धूलभरी आंधी और वज्रपात का खतरा बना हुआ है. वहीं झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद में तेज आंधी और बारिश का अनुमान जताया गया है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर

राजस्थान में गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है. फलोदी में तापमान 44.8 डिग्री तक पहुंच गया है. जयपुर, कोटा, बाड़मेर और जैसलमेर में भी तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. हालांकि राज्य के पूर्वी हिस्सों में हल्के बादल और बूंदाबांदी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है. मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, खजुराहो और रीवा जैसे शहरों में भी हीटवेव का असर बढ़ रहा है.

पंजाब और हरियाणा में येलो अलर्ट

पंजाब और हरियाणा में फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है. चंडीगढ़, पटियाला, मोहाली, हिसार और रोहतक में गर्म और शुष्क हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं. मौसम विभाग ने पंजाब में 20 मई तक लू की स्थिति को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. दोपहर के वक्त धूप और गर्मी इतनी भीषण है कि लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं. किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे इस तपती गर्मी में अपनी फसलों का विशेष ध्यान रखें.

पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी

मैदानी इलाकों में गर्मी के बीच पहाड़ी राज्यों में मौसम सुहावना बना हुआ है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भी बारिश का दौर जारी है. जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल रही है.

महानगरों का हाल

मुंबई और चेन्नई में उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. मुंबई में तापमान 35 डिग्री और चेन्नई में 36 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं बेंगलुरु, कोलकाता और हैदराबाद में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

मानसून को लेकर आई राहत भरी खबर

इस बीच मानसून को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और अंडमान सागर, निकोबार द्वीप समूह और आसपास के क्षेत्रों में आगे बढ़ चुका है. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है. अगर इसकी रफ्तार इसी तरह बनी रही तो उत्तर प्रदेश में 18 जून और लखनऊ में 23 जून के आसपास मानसून की पहली बारिश देखने को मिल सकती है. हालांकि, अल नीनो के प्रभाव के कारण इस साल देश में सामान्य से थोड़ी कम बारिश का अनुमान भी जताया गया है.

Latest News

भोजशाला विवाद: फैसले के बाद पूजा-अर्चना, भीड़ बढ़ी

मध्य प्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में रविवार को धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला. मध्य...

More Articles Like This

Exit mobile version