Bihar Encounter: मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी नक्सली ढेर, पुलिस को देखते ही चलाने लगा था गोली, दो सहयोगी भी गिरफ्तार

Begusarai: बिहार के बेगूसराय जिले में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपए का इनामी नक्सली ढेर हो गया. मारे गए नक्सली की पहचान प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की उत्तर बिहार केंद्रीय जोनल कमेटी के सचिव दयानंद मलाकार के रूप में हुई है. हालांकि, मुठभेड़ में किसी भी सुरक्षाकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है. वहीं पुलिस ने दयानंद के दो सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी.

संयुक्त टीम के साथ मुठभेड़ में मारा गया नक्सली

बिहार पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 14 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित मलाकार उर्फ छोटू बुधवार शाम बेगूसराय के तेघड़ा इलाके में STF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम के साथ मुठभेड़ में मारा गया. बयान के मुताबिक सूचना के आधार पर सुरक्षाकर्मी उस स्थान पर पहुंचे जहां मलाकार अपने सहयोगियों के साथ छिपा हुआ था और पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश करते हुए गोलीबारी शुरू कर दी.

चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया

इसमें कहा कि जवाबी कार्रवाई में नक्सली घायल हो गया जबकि उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि मलाकार को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ में किसी भी सुरक्षाकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एक 5.56 एमएम इंसास राइफल, एक देसी पिस्तौल, 25 कारतूस और 15 खोखे बरामद किए गए हैं. बयान में कहा गया कि 50 हजार रुपये का इनामी मलाकार उत्तर बिहार में हुई कई नक्सली वारदातों में संलिप्त था.

दोनों ओर से हुई फायरिंग के बाद गहन जांच जारी

SP के अनुसार दोनों ओर से हुई फायरिंग के बाद गहन जांच जारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि दयानंद मालाकार का लंबा आपराधिक इतिहास था और उस पर नक्सली गतिविधियों व आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज थे. वर्तमान में इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. इस एनकाउंटर को बेगूसराय पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. इस कार्रवाई से क्षेत्र के सक्रिय नक्सली नेटवर्क को करारा झटका लगा है. सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है.

इसे भी पढ़ें. Rules Change 1 Jan 2026: आज से बदल गए 14 बड़े नियम! व्हाट्सएप से लेकर बैंक तक; हर आदमी का जीवन होगा प्रभावित

 

Latest News

इटली के मिलान में हिंसा की आशंका, अलर्ट जारी, लग्जरी स्टोर बंद, तैनात होंगे 500 अतिरिक्त सैनिक

Rome: इटली के मिलान शहर में वीकेंड पर हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने...

More Articles Like This

Exit mobile version