WhatsApp लिंक बना जाल! क्लिक करते ही विधायक के खाते से उड़े 12 लाख रुपए

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Cyber Fraud: आंध्र प्रदेश में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विधायक को ऑनलाइन ठगी का शिकार होना पड़ा. पुलिस के अनुसार, पोलावरम से जन सेना पार्टी (JSP) के विधायक चिर्री बलाराजू को व्हाट्सएप पर रोड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) के चालान से जुड़ा एक मैसेज मिला था, जिसमें एक लिंक भी दिया गया था. बताया जा रहा है कि जैसे ही विधायक ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनके बैंक खाते से करीब 12 लाख रुपए निकाल लिए गए. यह पूरी तरह से एक सुनियोजित साइबर फ्रॉड था.

शिकायत के बाद जांच शुरू

घटना का एहसास होने के बाद विधायक ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इस मामले में जीलुगुमिली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने और ठगी की रकम को वापस लाने के लिए जांच जारी है. यह पहली बार नहीं है जब आंध्र प्रदेश में कोई विधायक साइबर ठगी का शिकार हुआ हो. इससे पहले अक्टूबर में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के एक विधायक भी डिजिटल ठगी के जाल में फंस चुके हैं, जिसमें उन्हें 1.07 करोड़ रुपए का भारी नुकसान उठाना पड़ा था.

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी

उस मामले में वाईएसआर कडप्पा जिले के मैदुकर से विधायक पुट्टा सुधाकर यादव को साइबर अपराधियों ने निशाना बनाया था. हैदराबाद में रहने वाले विधायक को ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोपों में फंसाने की धमकी दी थी. साइबर अपराधियों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताते हुए व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया और एक फर्जी गिरफ्तारी वारंट व सीबीआई द्वारा अकाउंट फ्रीज करने का नकली आदेश भी दिखाया.

जमानत के नाम पर 1 करोड़ से ज्यादा की ठगी

गिरफ्तारी के डर से विधायक को अंतरिम जमानत दिलाने का झांसा देकर ठगों ने उनसे पैसे ट्रांसफर करवाए. एक हफ्ते के भीतर उन्होंने 9 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1.07 करोड़ रुपए भेज दिए. बाद में जब ठगों ने कोर्ट से क्लीन चिट दिलाने के नाम पर 60 लाख रुपए और मांगे, तब विधायक को धोखाधड़ी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने तुरंत हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

बढ़ते साइबर क्राइम पर चिंता

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि वे किसी भी अनजान लिंक या कॉल पर भरोसा न करें और सतर्क रहें.

यह भी पढ़े: PM मोदी बने सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले नेता, CM योगी ने दी बधाई

More Articles Like This

Exit mobile version