यूपी में पकड़ी गई कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप, नोएडा से जुड़े इसके तार, जांच शुरू

UP: यूपी के गोंडा जिले में कोडीन युक्त कफ सिरप की एक बड़ी खेप पकड़ी गई है. वहीं प्रशासन ने बिक्री पर रोक लगाकर जांच शुरू कर दी है. अपर जिलाधिकारी (SDM) आलोक कुमार के मुताबिक, कौड़िया क्षेत्र की एक फार्मा फर्म ने नोएडा से कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप मंगाई थी. यह खेप जिला मुख्यालय पर जानकी नगर स्थित एक परिवहन कंपनी के गोदाम पर पहुंची थी. सूचना मिलते ही पुलिस और औषधि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. इस खेप में 132 गत्ते शामिल हैं.

दवाओं के नमूने जांच के लिए भेज दिए

औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा के अनुसार गत्तों में कफ सिरप की 3,168 बोतलें लदी हुई थीं. अधिकारियों के अनुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने दवाओं के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं. जांच पूरी होने तक इसकी बिक्री पर रोक लगा दी गई है. संबंधित फर्म ने खरीद के बिल और दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं. फर्म से पिछले 6 माह के खरीद-बिक्री संबंधी रिकॉर्ड भी मांगे गए हैं.

किस प्रयोजन से मंगाई गई थी सिरप?

एडीएम ने बताया कि जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप किस प्रयोजन से मंगाई गई थी? इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में होनी थी? पूरे रिकॉर्ड और आपूर्ति श्रृंखला की विस्तृत जांच की जा रही है. जिले में इससे पहले भी कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण और बिक्री के मामले सामने आए हैं. अधिकारियों के मुताबिक 2025 में की गई कार्रवाई में 3 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए थे, जबकि एक फार्मा फर्म का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया था.

नशे की लत का कारण

बता दें कि कोडीन एक ओपिओइड (मादक) दवा है, जिसका उपयोग मस्तिष्क में खांसी के केंद्र को दबाकर सूखी और गंभीर खांसी को रोकने के लिए किया जाता है. इसके दुरुपयोग नशे की लत और गंभीर दुष्प्रभावों के जोखिम के कारण, कोडीन युक्त कफ सिरप केवल डॉक्टर के वैध पर्चे (prescription) पर ही बेचे जाते हैं.

इसे भी पढ़ें. केंद्र सरकार ने तय किए 30 जरूरी दवाओं के दाम, अब MRP से ज्यादा वसूला तो मिलेगी सख्त सजा, मरीजों को राहत

Latest News

लेबनान के ब्यूफोर्ट किले पर 44 साल बाद फहरा इजरायली झंडा, रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने बताया ‘रणनीतिक जीत’

Israel: इजरायल ने काफी लंबी लड़ाई के बाद दक्षिणी लेबनान के नबातियेह शहर के पास मौजूद ब्यूफोर्ट किले पर...

More Articles Like This

Exit mobile version